Who is Parag Shah: महाराष्ट्र चुनाव के सबसे अमीर उम्मीदवार पराग शाह कौन हैं? 5 साल में बढ़ गई 575% संपत्ति
Maharashtra Elections Richest Candidate Parag Shah: महाराष्ट्र विधान सभा चुनाव में मुंबई के घाटकोपर ईस्ट सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार पराग शाह इन दिनों खूब चर्चा में हैं। इसकी वजह है कि पराग शाह महाराष्ट्र चुनाव के सबसे अमीर उम्मीदवार है।
बता दें महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों का नामांकन की अवधि समाप्त हो चुकी है और 20 नवंबर को मतदान होगा। उम्मीदवारों ने अपना चुनाव के लिए नामांकन भरते समय अपनी संपत्ति का हलफनामा भी दाखिल किया है, जिसमें उम्मीदवारों ने अपनी कुल संपत्ति का ब्यौरा दिया है। जिसमें घाटकोपर ईस्ट से भाजपा उम्मीदवार पराग शाह की संपत्ति ने सबका ध्यान खींचा है। पराग शाह सबसे धनी उम्मीदवार है। पराग शाह के पास इतनी संपत्ति है आप भी सुनकर अचंभित हो जाएंगे।

पराग शाह कितनी संपत्ति के हैं मालिक?
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 में मुंबई के घाटकोपर ईस्ट भाजपा उम्मीदवार पराग शाह द्वारा दिए गए हलफनामे के अनुसार उनके पास 3 हजार 383 करोड़ से अधिक की संपत्ति है।पराग शाह के चुनावी हलफनामे के पास 3,315.52 करोड़ की चल संपत्ति और 67.53 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है।
2019 में भी पराग शाह ही थे चुनाव के सबसे धनी उम्मीदवार
वर्ष 2019 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में पराग शाह की कुल संपत्ति 550.62 करोड़ रुपये बताई गई थी, पिछले महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में भी पराग शाह चुनाव के सबसे धनी उम्मीदवार थे।
बीते पांच साल में पराग शह की 575 प्रतिशत बढ़ गई संपत्ति
वर्ष 2019 और 2024 की तुलना की जाए तो पराग शाह की संपत्ति में बीते पांच सालों में 575 प्रतिशत की जबरदस्त वृद्धि हुई है।
पराग शाह के पास हैं आलीशान बंगला और कई फ्लैट
भाजपा उम्मीदवार पराग शाह के पास मुंबई के घाटकोपर, चेंबूर में फ्लैट है और ठाणे में एक आलीशान बंगला भी है।
2019 में घाटकोपर ईस्ट से दर्ज की थी ऐतिहासिक जीत
2019 के पिछले विधानसभा चुनावों में पराग शाह ने घाटकोपर पूर्व सीट पर राज ठाकरे की पार्टी मनसे के उम्मीदवार को 57 प्रतिशत मतों से हराया था।
पराग शाह कहां से करते हैं इतनी कमाई?
पराग शाह के बिजनेस की बात की जाए तो उनका कारोबार महाराष्ट्र, गुजरात, उत्तर प्रदेश समेत भारत के कई शहरों में फैला हुआ है। पराग शाह रियल एस्टेट का बिजनेस करते हैं। रियल एस्टेट व्यवसाय से उन्होंने बीते कुछ सालों में खूब धन कमाया है।
2017 बीएमसी चुनाव में राजनीति में की एंट्री, तब कितने अमीर थे पराग शाह?
उस्मानिया विश्वविद्यालय से कामर्स सब्जेक्ट में ग्रेजुएट पराग शाह ने 2017 में बीएमसी चुनावों से अपने राजनीतिक करियर की शुरूआत की थी। बीएमसी चुनाव के इतिहास में सबसे अमीर उम्मीदवार बनकर उभरे हैं। तब पराग शाह के पास 690 करोड़ रुपये की कुल घोषित संपत्ति थी।
पराग शाह की चुनाव में किससे है टक्कर?
भाजपा विधायक पराग शाह की इस बार के विधानसभा चुनाव में टक्कर शरद पवार गुट वाली एनसपी (SP) उम्मीदवार राखी जाधव से है। हालांकि पराग शाह ने पिछले पांच वर्षों में 18,000 से अधिक झुग्गीवासियों के सफल पुनर्वास करवाने समेत अन्य विकास कार्य करवाए हैं जिससे इस बार के चुनाव में उनकी जीत पक्की मानी जा रही है।
घाटकोपर ईस्ट इसलिए है भाजपा का गढ़
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार 1990 से मुंबई का घाटकोपर ईस्ट भाजपा का गढ़ रहा है। हर विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत का श्रेय घाटकोपर पूर्व के अंतर्गत आने वाली नब्बे फीट रोड, तिलक रोड, गरोडिया नगर और राजावाड़ी जैसे क्षेत्रों में बड़ी गुजराती भाषी आबादी को जाता है। रिपोर्ट के अनसुार मराठी बोलने वालों की एक बड़ी संख्या, लगभग 1 लाख, पंत नगर, नित्यानंद नगर, नायडू नगर और रमाबाई कॉलोनी जैसे इलाकों में फैली हुई है।












Click it and Unblock the Notifications