Maharashtra: औरंगजेब वाला मामला क्या है? जिसपर कोल्हापुर में हुआ बवाल
महाराष्ट्र के कोल्हापुर में औरंगजेब वाला एक सोशल मीडिया पोस्ट पर बवाल हो गया है। इस आरोप में कुछ लोगों के हिरासत में लिए जाने की भी जानकारी है।

महाराष्ट्र के कोल्हापुर में कुछ गुटों में झड़प हो गई, जिसके बाद पुलिस को भी लाठीचार्ज करना पड़ा है। दरअसल, कुछ हिंदू संगठनों की ओर से सोशल मीडिया पर कथित रूप से औरंगजेब को लेकर आपत्तिजनक पोस्ट डाले जाने के खिलाफ बंद का आह्वान किया गया था। इसी को लेकर प्रदर्शन भी हो रहे थे, तभी मामला भड़क गया। जानिए औरंगजेब वाला पूरा मामला आखिर है क्या?

औरंगजेब वाले आपत्तिजनक पोस्ट पर फसाद
जानकारी के मुताबिक मंगलवार को कथित तौर पर तीन लोगों ने औरंगजेब वाला एक आपत्तिजनक व्हाट्सऐप स्टैटस लगाया था। इसकी वजह से दो गुटों में तनाव की स्थिति पैदा हो गई थी। यह व्हाट्सऐप स्टैटस वायरल होने के बाद तनाव और बढ़ने लगा। आरोपियों खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। कहा जा रहा है कि जिन आरोपियों ने स्टैटस लगाया था, वो नाबालिग हैं।
लोगों को हटाने के लिए पुलिस को बल का इस्तेमाल करना पड़ा
उसी घटना के विरोध में बुधवार को कोल्हापुर बंद का आह्वान किया गया था और प्रदर्शन भी किए जा रहे थे। सड़क पर बड़ी तादाद में लोग उमड़ आए थे। न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक इसी दौरान हिंदू संगठनों और पुलिस के बीच भिड़ंत हो गई। हालांकि न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक कोल्हापुर में दो गुटों के बीच हिंसा भड़क गई। इसके बाद पुलिस ने दोनों गुटों को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया।

पुलिस ने कुछ उपद्रवियों को हिरासत में लिया है-रिपोर्ट
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने उन नाबालिकों को भी हिरासत में ले लिया है, जिन्होंने औरंगजेब वाला आपत्तिजनक पोस्ट डाला था और स्टैटस लगाया था। इसके अलावा उन लोगों को भी हिरासत में लिया गया है, जो पत्थरबाजी में शामिल थे।
पत्थरबाजों को हटाने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया- एसपी
न्यूज एजेंसी पीटीआई ने कोल्हापुर के एसपी महेंद्र पंडित के हवाले से बताया है, 'कुछ संगठनों ने कोल्हापुर बंद बुलाया था और उन संगठनों के लोग आज शिवाजी चौक पर जमा हुए थे। जब उनका प्रदर्शन खत्म हो गया और भीड़ जाने लगी, तो कुछ उपद्रवियों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी, जिसकी वजह से पुलिस को उन्हें हटाने के लिए बल का प्रयोग करना पड़ा।'
अफवाहों पर ध्यान न दें- कोल्हापुर कलेक्टर
कोल्हापुर के कलेक्टर राहुल रेखावार ने नागरिकों से अपील की है कि अफवाहों पर घ्यान न दें और सिर्फ आधिकारिक बयानों पर भरोसा करें। उन्होंने कहा, 'किसी भी गलतफहमी को दूर करने के लिए मैं लोगों के साथ बैठने के लिए तैयार हूं। बंद के आह्वान और अन्य विवादित मुद्दों पर मैं पहले ही कल एक बैठक कर चुका हूं और आंदोलनकारी दक्षिणपंथी ग्रुप तैयार भी थे, लेकिन आज कुछ युवाओं ने बैठक में बनी सहमति की अवहेलना की। '
दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी- सीएम एकनाथ शिंदे
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा, 'राज्य में कानून और व्यवस्था बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है। मैं लोगों से भी अपील करता हूं कि शांति बनाए रखें। पुलिस जांच जारी है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।'
औरंगजेब की तारीफ करने वालों को माफी नहीं- उपमुख्यमंत्री
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने भी गृह विभाग को निर्देश दिए हैं कि दोषियो के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें। न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक उन्होंने कहा, 'महाराष्ट्र में औरंगजेब की तारीफ करने वालों के लिए कोई माफी नहीं है। पुलिस भी कार्रवाई कर रही है। इसके साथ ही यह हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है कि लोगों को भी शांति बनाए रखना चाहिए, कहीं भी कोई अप्रिय घटना नहीं हुई है।'
Recommended Video
There is no forgiveness in Maharashtra for those who praise Aurangzeb. Police are also taking action. At the same time, it is our collective responsibility to ensure that the people should also maintain peace, no untoward incident happens anywhere: Maharashtra Deputy CM Devendra… pic.twitter.com/laJPqVFZvW
— ANI (@ANI) June 7, 2023












Click it and Unblock the Notifications