Mumbai Rains: मुंबई में भारी बारिश, हाई टाइड की आशंका, Orange Alert जारी, जानें क्या करें और क्या ना करें?
Mumbai Rains: आज सुबह से ही मायानगरी मुंबई में जमकर बादल बरस रहे हैं, लगातार हो रही बरसात की वजह से लोगों को आने-जाने में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। भारतीय मौसम विभाग ने अपने ताजा अपडेट में कहा है कि मुंबई समेत राज्य के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका है, जिसके लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
आपको बता दें कि मुंबई में हाईटाईड का भी अलर्ट जारी किया गया है इसलिए मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि 'वो अगले 48 घंटों तक जरा समंदर से दूरी बनाए रखें और घर से बाहर निकलते वक्त एक बार मौसम अपेडट जरूर चेक करें।'

अंधेरी, बांद्रा, दादर, वर्ली, कुर्ला, चेंबूर, घाटकोपर में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका है। तो वहीं भारी बरसात की वजह से कई ट्रेनें भी लेट चल रही हैं, मध्य रेलवे ने ताजा अपडेट देत हुए कहा है कि 'मुंबई में भारी बारिश के कारण मध्य रेलवे की लोकल ट्रेनें देरी से चल रही हैं, लेकिन सभी लाइनों पर रेल यातायात चालू है। मेन लाइन की लोकल ट्रेनें 10-12 मिनट और हार्बर लाइन की लोकल ट्रेनें 7-8 मिनट की देरी से चल रही हैं। एहतियात और कम दृश्यता के कारण ट्रेनें धीमी गति से चल रही हैं।'
रायगढ़ के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है
जहां मुंबई का ये हाल है, वहीं दूसरी ओर रायगढ़ के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है, जहां कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश और कुछ जगहों पर अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
'कम दबाव वाले क्षेत्र का असर कोंकण क्षेत्र पर'
IMD प्रमुख शुभांगी भूटे ने कहा, 'बंगाल की खाड़ी में बन रहे कम दबाव वाले क्षेत्र का असर कोंकण क्षेत्र पर पड़ेगा, इसी वजह से दक्षिण कोंकण के कुछ हिस्सों, जिनमें रायगढ़, सिंधुदुर्ग और रत्नागिरी शामिल हैं, के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है, बीते 24 घंटों में, मुंबई में काफी बारिश दर्ज की गई, जिसमें IMD के कोलाबा और सांताक्रूज वेधशालाओं ने क्रमशः 86.6 मिमी और 84.6 मिमी बारिश दर्ज की।'
पुणे, सतारा और कोल्हापुर जिलों में भी भारी बारिश की आशंका (Mumbai Rains)
आईएमडी ने पुणे, सतारा और कोल्हापुर जिलों में भी भारी बारिश की आशंका जताई है। बीएमसी ने 27 जुलाई तक मुंबई में लगातार चार दिनों तक high tide की चेतावनी जारी की है। अनुमान है कि हर दिन समुद्री लहरें 4.5 मीटर से अधिक होंगी, जिसमें शनिवार, 26 जुलाई को सबसे अधिक ज्वार 4.67 मीटर तक पहुंचने की उम्मीद है।
अपेक्षित ज्वार का समय और ऊंचाई इस प्रकार है..
- 25 जुलाई: दोपहर 12:40 बजे 4.66 मीटर,
- 26 जुलाई: दोपहर 1:20 बजे 4.67 मीटर,
- 27 जुलाई: दोपहर 1:56 बजे 4.60 मीटर।
जानिए हाईटाइड से कैसे बचें? (Mumbai Rains)
- हाई टाइड के दौरान समुद्र तट पर जाना या पानी में उतरना जोखिम भरा होता है। तेज लहरें किसी को भी अपनी चपेट में ले सकती हैं। बेहतर होगा कि इस समय समुद्र तट से दूर रहें।
- अगर मौसम विभाग ने हाई टाइड की चेतावनी दी है तो उसे हल्के में न लें।
- हाई टाइड के समय बच्चों को समुद्र किनारे न जाने दें। बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को भी तट पर जाने से रोकें।
- इस समय नाव चलाना, मछली पकड़ना या समुद्री गतिविधियों में शामिल होना खतरनाक हो सकता है।
- अगर आप समुद्र किनारे वाहन लेकर गए हैं तो उसे सुरक्षित ऊंचाई वाले स्थान पर पार्क करें ताकि पानी के बढ़ने पर नुकसान न हो।












Click it and Unblock the Notifications