Mumbai Red Alert: 'घर से निकलने से पहले प्लीज फ्लाइट का टाइम चेक करें', एयरलाइंस की अपील, बारिश से बेहाल मुंबई
Mumbai Rains Updates: भारी बारिश ने एक बार फिर से महाराष्ट्र में आफत पैदा कर दी है, सुबह से ही यहां पर मुंबई समेत कई जिले जलमग्न हैं, जिसकी वजह से जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित है।
भारतीय मौसम विभाग ने आज सुबह से यहां पर रेड अलर्ट जारी किया हुआ है और 27 जुलाई तक यहां पर भारी बारिश की आशंका व्यक्त की है।

भारी बारिश के मद्देनजर छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विमान उड़ नहीं पा रहे हैं, जिसकी वजह से यात्रियों को दिक्कत हो रही है।
'घर से निकलने से पहले प्लीज फ्लाइट का टाइम चेक करें'
इसलिए एयरलाइंस की ओर से बार-बार लोगों से अपील की जा रही है कि वो सभी हवाई अड्डे पर जाने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति की जांच कर लें। इंडिगो ने कहा, "हम सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए लगातार काम कर रहे हैं और उम्मीद है कि मौसम में सुधार होने के बाद सारी चीजें समय पर हो जाएंगी।'
आपको बता दें कि भारी बारिश और तेज़ हवाओं के कारण दृश्यता काफी खराब हो गई है और इसी कारण गुरुवार सुबह मुंबई एयरपोर्ट पर कुछ समय के लिए विमानों का परिचालन रोक दिया गया था, करीब 20 मिनट बाद जब दृश्यता सही हुई तब परिचालन फिर से शुरू हुआ था लेकिन इसकी वजह से कई फ्लाइट्स अपने निर्धारित वक्त से काफी लेट चल रही हैं।
इंडिगो की तरह एयर इंडिया और स्पाइस जेट की भी ओर से यही कहा गया है कि 'यात्रीगण कृपया एयरपोर्ट जाने से पहले उड़ान की स्थिति की जांच करें।" उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने कहा, "आज सुबह से ही महाराष्ट्र के विभिन्न जिलों, खासकर मुंबई, पुणे, ठाणे, कोल्हापुर और सांगली में जारी भारी बारिश और बाढ़ की स्थिति पर हमारी नजर बनी हुई है, प्रशासन सभी की मदद में जुटा है।"

आईएमडी ने लोगों के बिना जरूरत घर से बाहर ना निकलने की अपील की है तो वहीं उन्होंने मछुआरों से भी कहा है कि वो अगले 24 घंटे तक समुद्र की ओर ना जाएं। मालूम हो कि बीते एक हफ्ते से मुंबई में बारिश का दौर जारी है, बारिश के कारण लोकल ट्रेनों के ट्रैक पर भी पानी भर गया है जिसकी वजह से मुंबई की लाइफलाइन की रफ्तार भी स्लो है।
आपको बता दें कि आज मुंबई, रायगढ़, ठाणे, रत्नागिरी , सिंधुदुर्ग अंबरनाथ, अंबाजोगाई, अकोला, अहमदनगर, लातूर, अहेरी, कोल्हापुर, नागपुर और नांदेड़ में भारी बारिश की आशंका है इसलिए अलर्ट जारी है।











Click it and Unblock the Notifications