Uddhav thackeray net worth: उद्धव कितनी संपत्ति के हैं मालिक, केवल 'माताेश्री' की कीमत जान उड़ जाएंगे होश
Uddhav thackeray net worth: पिछले 45 साल से महाराष्ट्र की राजनीति का केंद्र रहा मातोश्री एक बार फिर सुर्खियों में है। शिवसेना संस्थापक बालासाहेब ठाकरे द्वारा मुंबई के पॉश इलाके बांद्रा ईस्ट में निर्मित घर मातोश्री के बाहर रविवार को ड्रोन कैमरा उड़ता नजर आया। जिसके बाद उद्धव ठाकरे का परिवार दहशत में आ गया है। परिवार ने आरोप लगाया है कि ये ड्रोन उनकी घर की जासूसी करने के लिए लगाया गया है। हालांकि मुंबई पुलिस ने साफ कर दिया है कि ये ड्रोन उस एरिया का सर्वे कर रहा था।
इस ड्रोन के नजर आने के बाद ठाकरे परिवार के घर मातोश्री और उद्धव ठाकरे की संपत्ति के बारे में लोग सर्च कर रहे हैं। आइए जातने हैं मातोश्री की वर्तमान कीमत क्या होगी और उद्धव ठाकरे के पास इस करोड़ों के घर के अलावा कितनी संपत्ति है?

भले ही महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे विपक्ष के नेता है, लेकिन ठाकरे परिवार महाराष्ट्र की राजनीति में दशकों से प्रभावशाली भूमिका निभाता रहा है। उद्धव ठाकरे का घर 'मातोश्री' मुंबई के बांद्रा में स्थित है। यह एक आलीशान बंगला है, जिसके अलावा ठाकरे कई अन्य रियल एस्टेट संपत्तियों के भी मालिक हैं।
कितनी संपत्ति के मालिक हैं उद्धव ठाकरे?
उद्धव ठाकरे ने 2020 में महाराष्ट्र में विधान परिषद चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया था। इस दौरान उन्होंने अपनी संपत्ति का ब्योरा भी साझा किया था, जिससे उनकी वित्तीय स्थिति सार्वजनिक हुई थी। उद्धव ठाकरे ने नामांकन भरते समय अपनी कुल संपत्ति लगभग 125 करोड़ रुपये घोषित की थी। पांच साल में उद्धव ठाकरे की संपत्ति में भारी इजाफा होने का अनुमान है।
उद्धव ठाकरे की संपत्ति में दो घर शामिल है जिसमें एक पैतृक निवास 'मातोश्री' और 'मातोश्री 2' है। इसके अलावा उद्धव ठाकरे के पास कर्जत में स्थित एक फार्महाउस भी है।
मातोश्री की क्या है कीमत?
बांद्रा में स्थित मातोश्री बंगला लंबे समय से राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियों का केंद्र रहा है। ठाकरे परिवार की राजनीतिक विरासत का एक अभिन्न अंग बन गया है। इसी के करीब 'मातोश्री 2' बंगला है, जो 10,000 वर्ग फुट के विशाल क्षेत्र में फैला हुआ है। इसमें तीन डुप्लेक्स फ्लैट शामिल हैं। इस शानदार संपत्ति में पांच बेडरूम, एक स्टडी रूम, होम थिएटर, स्विमिंग पूल, एक बड़ा जिम और एक छोटा सभागार जैसी अत्याधुनिक सुविधाएँ मौजूद हैं।
बांद्रा ईस्ट का कालानगर इलाका मुंबई के सबसे प्रतिष्ठित आवासीय क्षेत्रों में से एक है और प्रॉपर्टी की कीमत आसमान छूती हैं। संपत्ति विशेषज्ञों के अनुसार, 'मातोश्री' बंगले की वर्तमान अनुमानित कीमत लगभग ₹80 करोड़ है। वहीं, 'मातोश्री-2' के लिए जब प्लॉट खरीदा गया था, तब इसकी कीमत लगभग ₹11.60 करोड़ बताई गई थी। वर्ष 2014 के अनुमान के एक अनुमान के अनुसार अकेले 'मातोश्री' बंगले की कीमत लगभग ₹40 करोड़ आंकी गई थी।
उद्धव ठाकरे कहां से करते हैं कमाई?
चुनावी हलफानामे के अनुसार उद्धव ठाकरे की आय का मुख्य स्रोत विभिन्न कंपनियों के शेयरों में निवेश और उनसे प्राप्त होने वाला लाभांश बताया गया है। उनकी आय के स्रोतों में पूर्व मुख्यमंत्री के रूप में मिलने वाली पेंशन और भत्ते शामिल हैं। इसके अलावा, वे बिजनेस और निजी निवेश से भी अच्छी कमाई करते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उद्धव ठाकरे की कमाई लगभग 2 करोड़ रुपये है।
वे अपनी आय का एक बड़ा हिस्सा विभिन्न संस्थाओं और दान में भी खर्च करते हैं। चुनाव आयोग को दिए हलफनामे के मुताबिक, उद्धव ठाकरे पर लगभग ₹15.50 करोड़ की देनदारियां भी हैं, जिसमें विभिन्न ऋण भी शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications