PM मोदी की हिटलर तो अमित शाह की अहमदशाह अब्दाली से तुलना, ठाकरे ने अमेरिका दौरे पर भी उठाए सवाल
शिवसेना (यूबीटी) नेता उद्धव ठाकरे ने शिवसेना के स्थापना दिवस से पहले इशारों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। उन्होंने पीएम मोदी की अमेरिका दौरे को भी सवालों के घेरे में लिया।
शिवसेना (यूबीटी) नेता उद्धव ठाकरे ने सोमवार को शिवसेना के स्थापना दिवस से पहले रविवार को मुंबई में पार्टी पदाधिकारियों की एक अहम बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उद्धव ठाकरे ने कहा कि एक समय था, जब बीजेपी के नेता 'मातोश्री' (ठाकरे परिवार का आवास) आते थे, लेकिन अब बीजेपी को छोड़कर बाकी सभी नेता वहां आ रहे हैं। उद्धव ने आगे कहा कि वह सभी को बीजेपी से लड़ने के लिए एक साथ आने के लिए आमंत्रित करते हैं।
इशारों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए उद्धव ठाकरे ने तानाशाह एडोल्फ हिटलर का जिक्र करते हुए कहा कि हिटलर ने भी ऐसा ही किया था, हत्याएं, अत्याचार, पहले उसने मीडिया को कंट्रोल किया, फिर सारी सत्ता को एकग्र कर लिया। आखिरकार उनकी निशानी भी 'स्वास्तिक' ही थी। क्या हमारा देश भी उसी तर्ज पर चल रहा है?

मोदी अमेरिका जा रहे हैं, लेकिन मणिपुर क्यों नहीं?
उद्धव ठाकरे ने मणिपुर में हिंसा को रोकने के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाने के लिए भी मोदी की आलोचना की। उद्धव ठाकरे ने मोदी की अमेरिका दौरे पर सवाल उठाए। ठाकरे ने सवाल किया कि मोदी अमेरिका जा रहे हैं, लेकिन मणिपुर क्यों नहीं?
ठाकरे ने कहा कि आप रूस यूक्रेन युद्ध में मध्यस्थता की बात करते हैं...मोदी खुद को विश्वगुरु बताते हैं...अगर उनमें दम है तो उन्हें मणिपुर में शांति लानी चाहिए। ठाकरे ने अप्रत्यक्ष रूप से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की तुलना 18वीं सदी के अफगान शासक अहमद शाह अब्दाली से भी की।
स्मृति ईरानी द्वारा पत्रकारों को 'धमकाने' पर
उद्धव ठाकरे ने स्मृति ईरानी पर उनके अमेठी दौरे के दौरान सवाल करने वाले पत्रकारों के खिलाफ भड़काने के लिए भी निशाना साधा। उद्धव ठाकरे ने जिक्र किया कि स्मृति ईरानी ने कथित तौर पर उन पत्रकारों के संपादकों से बात की, जिन्होंने उनसे सवाल किया और मीडिया को नियंत्रित करने के प्रयास में उन्हें बर्खास्त कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications