अब स्वीडिश यात्री ने इंडिगो की एयरहोस्टेस से की छेड़छाड़, बगल बैठे यात्री पर भी किया हमला
Indigo की फ्लाइट में एक यात्री को गिरफ्तार किया गया है। उसने एयरहोस्टेस के साथ छेड़छाड़ की थी।

फ्लाइट में बदसलूकी की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। अब बैंकाक से मुंबई आ रही इंडिगो की फ्लाइट में एक स्वीडिश नागरिक ने एयरहोस्टेस के साथ छेड़छाड़ की। इसके बाद वो पास बैठे यात्री के साथ मारपीट करने लगा। हालांकि बाद में एयरपोर्ट पर लैंड होते ही मुंबई पुलिस ने उसको गिरफ्तार कर लिया। हालांकि उसे जमानत मिल गई है।
जानकारी के मुताबिक यात्री ने शुरू में खाने को लेकर हंगामा किया। उसके बाद एक चिकन डिश ली। जब एयरहोस्टेस उसके पास भुगतान के लिए पीओएस मशीन लेकर पहुंची, तो उसने कार्ड स्वाइप करने के बहाने उसे गलत तरीके से छुआ। जब एयरहोस्टेस ने इसका विरोध किया, तो वो खड़ा होकर हंगामा करने लगा। इस दौरान उसने सहयात्री से भी मारपीट की और अन्य यात्रियों के साथ दुर्व्यवहार किया।
मामले में मुंबई पुलिस ने कहा कि उन्हें इंडिगो फ्लाइट 6E-1052 में छेड़छाड़ की सूचना मिली थी। जिस पर उनकी टीम ने एक स्वीडिश नागरिक को गिरफ्तार किया। जिसकी पहचान क्लास एरिक हेराल्ड जोनास वेस्टबर्ग के रूप में हुई है। एयरहोस्टेस ने पुलिस को बताया कि उसके साथ छेड़छाड़ के बाद यात्री ने अन्य स्टाफ और यात्रियों के साथ भी बुरा बर्ताव किया है। गिरफ्तारी के बाद उसे अंधेरी मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया गया। हालांकि उसे जमानत मिल गई है।
तीन महीने में आठवीं घटना
आपको बता दें कि फ्लाइट में बदसलूकी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ये तीन महीने में 8वीं गिरफ्तारी थी। इससे पहले गुवाहाटी से दिल्ली आ रही इंडिगो फ्लाइट में उल्टी कर दी। साथ ही टॉयलेट के बाहर ही टॉयलेट कर दिया। उससे पहले 22 मार्च को दुबई से मुंबई आ रही फ्लाइट में दो यात्रियों ने शराब पीनी शुरू कर दी, जबकि ऑनबोर्ड फ्लाइट में उसकी इजाजत नहीं थी। जब केबिन क्रू ने उन्हें रोका तो वो हंगामा करने लगे। बाद में उनको भी गिरफ्तार किया गया था।












Click it and Unblock the Notifications