एकनाथ शिंदे के समर्थकों का ठाणे में शक्ति प्रदर्शन, धारा 144 के बीच घर के बाहर लगा हुजूम
मुंबई, जून 25। महाराष्ट्र में सियासी उथल-पुथल के बीच शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे के गढ़ ठाणे में शनिवार को उनके समर्थकों का जमावड़ा लग गया। दरअसल, एकनाथ शिंदे के समर्थकों ने उनके आवास के बाहर शक्ति प्रदर्शन किया। यह शक्ति प्रदर्शन उद्धव ठाकरे के समर्थकों को एक जवाब था कि शिंदे समर्थकों की संख्या भी अब कम नहीं है, क्योंकि इससे कुछ घंटे पहले ही उद्धव ठाकरे के समर्थकों ने ठाणे में शिंदे का विरोध किया था। उद्धव समर्थकों के विरोध के बाद ठाणे में धारा 144 लगा दी गई थी।

ट्विटर पर ट्रेंड हुआ यह हैशटैग
उद्धव ठाकरे समर्थकों के इसी विरोध का जवाब देते हुए शनिवार की शाम ठाणे की लैंडमार्क सोसाइटी में एकनाथ शिंदे के घर के बाहर करीब 600-700 समर्थकों की भीड़ इकट्ठा हो गई। इस दौरान शिंदे के समर्थन में जमकर नारेबाजी हुई। इस शक्ति प्रदर्शन के बाद ही ट्विटर पर हैशटैग #amhibhaismartak (हम एकनाथ शिंदे का समर्थन करते हैं) ट्रेंड होने लगा।
समर्थकों को संबोधित करने आए श्रीकांत शिंदे
शिंदे समर्थकों की नारेबाजी के बीच सांसद श्रीकांत शिंदे भी अपने पिता के समर्थन में लोगों के बीच आ गए। अक्सर श्रीकांत शिंदे पब्लिक गैदरिंग से दूर रहते हैं, लेकिन अपने पिता के समर्थन के लिए उन्होंने माइक थामा और लोगों को संबोधित किया। आपको बता दें कि ठाणे का इलाके एकनाथ शिंदे का करीब 3 दशक से गढ़ माना जाता है, जिस पर वो लंबे समय से राज कर रहे हैं।
शिंदे समर्थकों को संबोधित करते हुए श्रीकांत शिंदे ने कहा कि हम सभी शिवसैनिक हैं और आगे भी रहेंगे। पिछले कुछ दिनों में जो भी हुआ है वो ऐतिहासिक है। अगर 50 विधायक एकनाथ शिंदे जी के साथ हैं तो इसके पीछे कोई न कोई वजह जरूर रही होगी। अगर विधायक खुद संतुष्ट नहीं हैं या उन्हें अपने प्रोजेक्ट के लिए फंड नहीं मिल रहा है तो इसका फायदा पार्टी कार्यकर्ताओं या आम आदमी तक कैसे पहुंचेगा? इतने वर्षों में सत्ता में रहने के बावजूद हमने ऐसी स्थिति का अनुभव नहीं किया।












Click it and Unblock the Notifications