'मोदी लहर खत्म, अब हमारी लहर पूरे देश में शुरू' कर्नाटक में BJP की हार पर संजय राउत का हमला
Sanjay Raur: कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी की हार पर उद्धव ठाकरे गुट के नेता संजय राउत ने बड़ा हमला बोला है। उन्होंने मोदी लहर पर सवाल उठाते हुए 2024 में भाजपा को पटखनी देने की बात कही है।

Sanjay Raut Attacks BJP: कर्नाटक में भाजपा की हार के बाद विपक्षी दल के नेताओं ने जुबानी हमला शुरू कर दिया है। कोई इस हार को भाजपा के बुरे दिन की शुरुआत बता रहा तो कोई 2024 लोकसभा चुनाव के लिए बड़ा झटका मान रहा है। इसी क्रम में उद्धव ठाकरे गुट के नेता संजय राउत (Sanjay Raut) ने भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी पर बड़ा हमला किया है। उन्होंने मोदी लहर खत्म होने की बात कही है।
मोदी लहर खत्म, अब हमारी लहर पूरे देश में शुरू: संजय राउत
संजय राउत (Sanjay Raut) ने कहा कि मोदी लहर खत्म हो चुकी है और अब हमारी लहर पूरे देश में आ रही है। 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए हमारी तैयारी शुरू हो चुकी है और आज शरद पवार की अध्यक्षता में एक बैठक बुलाई गई है, हम इस बैठक में 2024 के चुनाव के बारे में चर्चा करेंगे और इसकी तैयारी शुरू करेंगे।
इससे पहले कल बजरंगबली को लेकर भी संजय राउत ने साधा था निशाना
बजरंगबली की तस्वीर पर राउत ने सीटों पर बढ़त की ओर इशारा करते हुए 130+ लिखा। वहीं दूसरी ओर बजरंग दल के नीचे भाजपा द्वारा हासिल की गई सीटों की संख्या लिखी। ये ट्वीट सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है और लोग इसपर रिएक्शन भी दे रहे हैं। कई लोगों ने राउत के ट्वीट को शानदार बताया तो कईयों ने लिखा कि बेगानी शादी में अब्दुल्ला दीवाना।
कर्नाटक में कांग्रेस को 136 सीटें मिलीं
बता दें कि कर्नाटक में विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित हो गए हैं। कांग्रेस को बहुमत से अधिक संख्या प्राप्त हो गई है। पार्टी को 136 सीटें मिली हैं। वहीं भाजपा को मात्र 65 सीट मिलने के बाद करारी हार मिली है। जबकि जेडीएस 19 सीटों के साथ तीसरे नंबर पर रही। आज कांग्रेस विधायक दल की बैठक होगी। बैठक में मुख्यमंत्री उम्मीदवार पर चर्चा होगी।












Click it and Unblock the Notifications