उद्धव ठाकरे का ऐलान-राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देगी शिवसेना
नई दिल्ली, 12 जुलाई: शिवसेना चीफ उद्धव ठाकरे ने एनडीए की ओर से राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने का ऐलान किया है। शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने का आधिकारिक तौर पर मंगलवार को ऐलान कर दिया। हालांकि, इस ऐलान के साथ ही शिवसेना सांसद संजय राउत ने कहा है कि मुर्मू का समर्थन भाजपा का समर्थन नहीं है।

एनडीए समर्थित राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने को लेकर शिवसेना चीफ उद्धव ठाकरे ने कहा कि, शिवसेना के सांसदों ने मुझ पर कोई दबाव नहीं डाला, लेकिन उन्होंने मुझसे इसे लेकर अनुरोध किया था। ऐसे में उनके सुझाव को देखते हुए हम राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के रूप में द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करने जा रहे हैं। उद्धव ठाकरे ने आगे कहा कि हमें खुशी है कि एक अनुसूचित जनजाति की महिला राष्ट्रपति बन रही हैं।
उद्धव का ये फैसला महाविकास अघाड़ी गठबंधन के विपरीत आया है। महाविकास अघाड़ी गठबंधन में शामिल कांग्रेस और एनसीपी ने यशवंत सिन्हा को समर्थन देने का फैसला किया है। बीते सोमवार शिवसेना की बैठक हुई थी। इसमें पार्टी के 19 में से सिर्फ 11 सांसद पहुंचे थे। इनमें से ज्यादातर सांसदों ने उद्धव से अपील की थी कि वे राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करें। इससे पहले शिवसेना के सांसद विनायक राउत ने कहा था कि हम सब ने मांग रखी कि द्रौपदी मुर्मू का हमें समर्थन करना चाहिए।
देश के नए राष्ट्रपति के लिए मतदान 18 जुलाई को होगा और वोटों की गिनती 21 जुलाई को की जाएगी। चुनाव जीतने पर मुर्मू देश की पहली आदिवासी और दूसरी महिला राष्ट्रपति होंगी। शिवसेना के अलावा झारखंड में कांग्रेस के साथ गठबंधन में जेएमएम ने भी द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने का फैसला किया है। इसके अलावा आज आंध्र प्रदेश में वाईएसआर कांग्रेस ने भी एनडीए उम्मीदवार को सपोर्ट करने का फैसला किया है।












Click it and Unblock the Notifications