Money Laundering Case: शिवसेना नेता भावना गवली को ED ने 20 अक्टूबर को तलब किया
मुंबई, 18 अक्टूबर: कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में अब शिवसेना सांसद भावना गवली की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। प्रवर्तन निदेशालय ने फिर एक बार शिवसेना नेता को तलब किया है। मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी ने समन भेजकर दफ्तर में उपस्थित होने के लिए कहा है। भावना गवली महाराष्ट्र के यवतमाल-वाशिम से सांसद हैं।

इससे पहले प्रवर्तन निदेशालय ने सांसद भावना गवली (48) को 4 अक्टूबर को भी पूछताछ के लिए बुलाया था। वहीं अब 20 अक्टूबर को फिर हाजिर होने के लिए कहा है। ईडी ने 27 सितंबर को सांसद भावना की कंपनी के डायरेक्टर और उनके सबसे करीबी सहयोगी सईद खान को गिरफ्तार किया था। सईद खान को गिरफ्तारी वित्तीय धनशोधन रोकथाम अधिनियम (PMLA) के तहत की गई थी।
ईडी ने लोकसभा सांसद और शिवसेना नेता भावना गवली के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग और करीब 17-18 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी में शामिल होने का केस दर्ज किया था। ईडी ने शिवसेना नेता के 5 जगहों पर भी छापेमारी की थी, जो 100 करोड़ के घोटाले के आरोप में की गई थी।
जानिए क्या है पूरा मामला?
गौरतलब है कि सांसद पर सरकारी अनुदान और धन प्राप्त करने में अपनी शक्ति का दुरुपयोग करके ट्रस्ट से संबंधित वित्तीय अनियमितताओं में शामिल होने का आरोप लगा है। बीजेपी ने उनके खिलाफ ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग में शिकायत दी थी। आरोप लगाया गया था कि सांसद ने अपने निर्वाचन क्षेत्र में अपने कार्यकाल के दौरान 100 करोड़ का गबन किया था, जिसके बाद ईडी ने 30 अगस्त को 9 ठिकानों पर तलाशी ली थी।












Click it and Unblock the Notifications