महाराष्ट्र: फंदे से लटका मिला शिवसेना विधायक की पत्नी का शव, जांच शुरू
नई दिल्ली, 17 अप्रैल: महाराष्ट्र में शिवसेना के विधायक मंगेश कुडालकर की पत्नी का शव रविवार को संदिग्ध अवस्था में बरामद हुआ। मामला हाईप्रोफाइल होने की वजह से आनन-फानन में पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पहली नजर में ये मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन महाराष्ट्र पुलिस इसमें सभी एंगल से जांच कर रही। घटना की जानकारी मिलते ही विधायकों के समर्थकों की भीड़ उनके आवास के सामने जमा हो गई।

जानकारी के मुताबिक विधायक की पत्नी रजनी का शव उनके आवास पर फंदे से लटका हुआ मिला, जो कुर्ला के नेहरू नगर थाने के अंतर्गत आता है। घटना के बाद विधायक के स्टॉफ ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। उसके बाद ही मौत की वजह का पता चल पाएगा।
मामले में ज्वाइंट सीपी ने कहा कि पुलिस की एक टीम को जांच में लगाया गया है। घटना विधायक के आवास पर हुई। मौत की वजह का अभी पता नहीं चल पाया है, वो इस पर पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहेंगे। इसके अलावा विधायक के घर के बाहर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
सेक्स चैट के नाम पर हुई थी ठगी
आपको बता दें कि पिछले साल भी विधायक मंगेश का नाम सुर्खियों में आया था, उस दौरान वो ऑनलाइन ठगी का शिकार हो गए थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उनके साथ कुछ लोगों ने सेक्स चैट कर 5 हजार रुपये की ठगी की थी। इस पर उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। बाद में राजस्थान के भरतपुर से आरोपी को गिरफ्तार किया था।












Click it and Unblock the Notifications