बाल ठाकरे और वीर सावरकर ही हैं, जिन्होंने देश को हिंदुत्व सिखाया- संजय राउत
मुंबई, 04 मई: हनुमान चालीसा और लाउडस्पीकर को लेकर महाराष्ट्र में उठा विवाद अभी थमता हुआ नजर नहीं आ रहा है। लाउडस्पीकर को लेकर राज ठाकरे के बयान के बाद अब शिवसेना नेता संजय राउत का बयान सामने आया है। संजय राउत ने कहा है कि महाराष्ट्र में कोई भी गैरक़ानूनी लाउडस्पीकर नहीं चल रहा है। इतना ही नहीं, राउत ने कहा कि बाल ठाकरे और वीर सावरकर ही हैं, जिन्होंने देश को हिंदुत्व सिखाया, शिवसेना के हिंदुत्व का स्कूल असली है।
Recommended Video

बता दें कि मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने मंगलवार (03 मई) को ऐलान किया था कि जिस मस्जिद से लाउस्पीकर पर अजान सुनाई दे, उस मस्जिद के बाहर वो हनुमान चालीसा का पाठ करे। राज ठाकरे के इस ऐलान के बाद आज (04 मई) सुबह से ही उनके घर के बाहर पुलिसकर्मी तैनात हैं। वहीं, दूसरी तरफ मुंबई पुलिस ने महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के सिटी इंचार्ज योगेश शेटे को हिरासत में लिया है।
तो वहीं, अब राज ठाकरे के बयान पर पलटवार करते हुए शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि महाराष्ट्र में शांति है, महाराष्ट्र में कोई भी गैरक़ानूनी लाउडस्पीकर नहीं चल रहा है। आप माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। पूरे देश में लाउडस्पीकर का क़ानून बना है, उसका महाराष्ट्र में पालन हो रहा है। न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बात करते हुए उन्होंने आगे कहा कि बाल ठाकरे और वीर सावरकर ही हैं, जिन्होंने देश को हिंदुत्व सिखाया, शिवसेना के हिंदुत्व का स्कूल असली है।
मंगलवार को भी राज ठाकरे पर संजय राउत ने उनपर निशाना साधा था। राउत ने कहा था कि इस तरह के मामले पूरे देश में होते हैं। ऐसे भड़काऊ भाषणों पर इस प्रकार के एक्शन हो जाते हैं इसमें बड़ी बात क्या है। शिवसेना सांसद ने राज ठाकरे पर नाम लिए बिना हमला बोलते हुए कहा कि महाराष्ट्र के खिलाफ साजिश रची जा रही है। कुछ लोगों को बाहर से ले आकर महाराष्ट्र में दंगा भड़काने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा, महाराष्ट्र में चेतावनी वाली राजनीति नहीं चलती है।












Click it and Unblock the Notifications