मई में राम जन्मभूमि के दर्शन करेंगे आदित्य ठाकरे, कहा- हिंदुत्व हमारे खून में है
मई में राम जन्मभूमि के दर्शन करेंगे आदित्य ठाकरे, कहा- हिंदुत्व हमारे खून में है
महाराष्ट्र, 17 अप्रैल: लाउडस्पीकर और हनुमान चालीसा को लेकर महाराष्ट्र में शुरू हुए विवाद के बीच शिवसेना नेता एवं मंत्री आदित्य ठाकरे ने बड़ा ऐलान किया है। अपने इस ऐलान के माध्यम से आदित्य ठाकरे ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को हिंदुत्व के मुद्दे पर उसी के गढ़ में जाकर जवाब देने की तैयारी कर ली है। दरअसल, आदित्य ठाकरे ने ऐलान किया है वो मई महीने के पहले सप्ताह में अयोध्या दौरे पर आएंगे।

बता दें कि महाराष्ट्र में शिवसेना ने कांग्रेस-एनसीपी के साथ गठबंधन कर सरकार बनाई थी। जिसके बाद से शिवसेना भाजपा के निशाने पर आ गई है। भाजपा हिंदुत्व के मद्दे को लेकर शिवसेना को घेरने की कोशिश कर रही है। तो वहीं, अब हिंदुत्व के मुद्दे पर शिवसेना नेता व महाराष्ट्र के पर्यावरण मंत्री आदित्य ठाकरे ने भाजपा को जवाब देने की पूरी तैयारी कर ली। शनिवार को हनुमान जयंती के मौके पर आदित्य मुंबई के गिरगांव स्थित सीपी टैंक हनुमान मंदिर पहुंचे और हनुमान चालीसा गाकर आरती की।
इस दौरान आदित्य ठाकरे ने कहा कि मैं रोज हनुमान चालीसा पाठ करता हूं, हनुमान जयंती को लेकर लोगों का उत्साह बढ़ रहा है। कहा कि हमारे लिए हिंदुत्व राजनीतिक नहीं है। वोट के लिए नहीं है। इस बीच ठाकरे ने दोहा, 'रघुकुल रीत सदा चली आई प्राण जाए पर वचन ना जाए' बोलते हुए कहा कि लोगों का विश्वास इसी पर होता है। कहा कि मैं काम पर ज्यादा महत्व देता हूं। हम जो भी वचन देते है उससे पूरा करते है। हनुमान चालीसा की पवित्रता को बनाए रखना जरूरी है। इसमें सियासत न आए।
इस दौरान आदित्य ने बीजेपी और मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि हिंदुत्व हमारे मन और हमारे खून में है। हमें किसी से हिंदुत्व सीखने की आवश्यकता नहीं है। मनसे का नाम लिए बिना आदित्य ने कहा कि एक-दो नई पार्टियां हिंदुत्व के नाम पर कुछ भी करने लगी हैं। शिवसेना लंबे समय से हनुमान जयंती मना रही है। इस दौरान आदित्य ने ऐलान किया कि वो मई महीने के पहले सप्ताह में अयोध्या, उत्तर प्रदेश का दौरा करेंगे। वह अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान राम जन्मभूमि स्थल जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications