'शिवसेना पीठ में छुरा नहीं घोंपती', राउत ने 'फ्यूचर फ्रेंड' बीजेपी के साथ जाने की अटकलों को किया खारिज
मुंबई, 18 सितम्बर। शिवसेना नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत ने राज्य में भारतीय जनता पार्टी के साथ सरकार बनाने की किसी भी संभावना को खारिज कर दिया। राउत ने शनिवार को कहा कि शिवसेना किसी की पीठ में छुरा नहीं घोपती बल्कि पार्टी अपने वादों को पूरा करती है।

राउत ने कहा "महाराष्ट्र सरकार पांच साल शासन के वादे के साथ सत्ता में आई है। शिवसेना अपने वादे पर काम कर रही है। अगर किसी को सीएम की टिप्पणी (फ्यूचर फ्रेंड) वाली टिप्पणी से खुशी हो रही है तो इसे तीन साल के लिए रहने दें। शिवसेना किसी की पीठ में छुरा नहीं घोपती है।"
Recommended Video
फ्यूचर फ्रेंड वाले बयान पर दी सफाई
शिवसेना नेता की सफाई ऐसे समय में आई है जब महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता रावसाहेब दानवे को एक कार्यक्रम में फ्यूचर फ्रेंड कहकर सियासी हलचल तेज कर दी थी। इस टिप्पणी ने राज्य की राजनीति में अटकलों का बाजार तेज कर दिया था।
इस टिप्पणी पर सफाई देते हुए संजय राउत ने कहा कि महाराष्ट्र सीएम ने जो कहा उसे समझने की जरूरत है।
इसके एक दिन पहले भी संजय राउत ने कहा था कि महाराष्ट्र सीएम की टिप्पणी का मतलब ये नहीं है कि बीजेपी के साथ हाथ मिलाने जा रहे हैं बल्कि ये भी हो सकता है कि बीजेपी के नेता उनके साथ मिल सकते हैं।
क्या था मामला?
शुक्रवार को सीएम उद्धव ठाकरे एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे जिसमें केंद्रीय मंत्री रावसाहेब दानवे और कई अन्य नेता भी मौजूद थे। इसी कार्यक्रम में महाराष्ट्र सीएम और शिवसेना प्रमुख ने दानवे को पूर्व और संभावित 'फ्यूचर फ्रेंड' कहकर संबोधित किया था। ठाकरे के इस बयान के बाद राज्य में नए राजनीतिक समीकरण की अटकलों का बाजार गर्म हो गया था।
राउत ने की थी पीएम की तारीफ
इससे पहले शुक्रवार को राउत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके 71वें जन्मदिन पर बधाई देते हुए उन्हें सबसे बड़ा नेता बताया था। राउत ने यहां मीडियाकर्मियों से बात करते हुए कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत में लोगों के बीच बहुत लोकप्रिय हैं। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी के बाद भाजपा को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। पीएम मोदी के शासन ने देश में राजनीतिक स्थिरता लाई है।"












Click it and Unblock the Notifications