महाराष्ट्र: कैबिनेट विस्तार होते ही शिंदे गुट-बीजेपी में तकरार! इस MLA को मंत्री बनाने पर बिफरीं चित्रा वाघ
मुंबई, 09 अगस्त: महाराष्ट्र की शिंदे- फडणवीस सरकार के गठन के 40 दिनों बाद आखिर कार आज कैबिनेट विस्तार हो गया। कैबिनेट विस्तार के साथ ही बीजेपी और शिंदे गुट में पहली तकरार देने को मिल रही है। आज हुए कैबिनेट विस्तार में शिंदे गुट के विवादित विधायक संजय राठौड़ को मंत्री बनाया जाना बीजेपी को रास नहीं आ रहा है। बीजेपी नेता चित्र वाघ ने संजय राठौड़ को मंत्री बनाए जाने का खुला विरोध किया है।

संजय राठौड़ के शपथ लेने के थोड़ी देर बाद ही भाजपा की राज्य इकाई की उपाध्यक्ष चित्रा वाघ सोशल मीडिया के जरिए उनको मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने पर सवाल खड़े किए हैं। भाजपा की राज्य इकाई की उपाध्यक्ष चित्रा वाघ ने कहा किय यह उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस थे जिन्होंने राठौड़ के खिलाफ विपक्ष के नेता के रूप में आरोप का नेतृत्व किया था।
चित्रा वाघ ने ट्वीट कर कहा,यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि महाराष्ट्र की बेटी पूजा चव्हाण के खुदकुशी करने का कारण रहे संजय राठौड़ को फिर से मंत्री का पद दिया गया है। भले ही वह फिर से मंत्री बन गए हैं, लेकिन मैं उनके खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखूंगी। मैं भगवान और न्याय में विश्वास करती हूं। हम लड़ेंगे और इस लड़ाई में हमें जीत आवश्यक रूप से मिलेगी।
बीजेपी नेता की ओर से लगाए गए इन आरोपों को लेकर मुख्यमंत्री शिंदे ने उनका बचाव किया है। शिंदे ने कहा कि,पिछली सरकार में कराई गई मामले की जांच में पुलिस की ओर से राठौड़ को क्लीन चिट दी गई थी। इसके चलते ही हमने उन्हें फिर से मंत्रिमंडल में शामिल किया है। हालांकि, मुख्यमंत्री के इस बयान पर चित्रा की फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं है, लेकिन इसे नए विवाद की शुरुआत माना जा सकता है।
आपको बता दें कि बीते वर्ष पूजा चव्हाण नाम की लड़की ने आत्महत्या कर ली थी। इस मामले में पूर्व वन मंत्री संजय राठौड़ पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप बीजेपी नेता चित्र वाघ ने लगाया था। पूजा और संजय राठौड़ की कई ऑडियो क्लिप्स भी वायरल हुई थी। जिसमें यह आरोप लगाया गया था कि आवाज संजय राठौड़ की है।
महाराष्ट्र की पूर्व महिला एवं बाल विकास मंत्री यशोमती ठाकुर ने चित्रा वाघ पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि संजय राठौड़ को मंत्री पद दिए जाने पर चित्रा वाघ की प्रतिक्रिया का इंतजार कर रही हूं। आखिर बीजेपी का वह कौन सा वॉशिंग पाउडर है? जिसमें कपड़े और चरित्र दोनों साफ कर दिए जाते हैं।












Click it and Unblock the Notifications