Maharashtra: NCP में सुलह की कोशिश, लगातार दूसरे दिन शरद पवार से मिलने पहुंचे अजित पवार और उनके गुट के विधायक
Sharad Pawar Meet Ajit Pawar: एनसीपी में विद्रोह के बाद पार्टी में सुलह की लगातार कोशिश की जा रही है। इसको लेकर शरद पवार खुद अजित पवार के साथ बैठकें कर रहे हैं। अजित पवार को वापस लाने के लिए शरद पवार पूरी कोशिश कर रहे हैं।
वाईबी चव्हाण सेंटर में मुलाकात
इस बीच सोमवार को महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार और उनके गुट के एनसीपी विधायक लगातार दूसरे दिन पार्टी अध्यक्ष शरद पवार से मिलने मुंबई के वाईबी चव्हाण सेंटर पहुंचे हैं। एनसीपी प्रमुख शरद पवार मुंबई के वाईबी चव्हाण सेंटर पहुंच चुके हैं।

प्रफुल्ल पटेल का बयान आया सामने
शरद पवार से मुलाकात के बाद अजीत पवार गुट के नेता प्रफुल्ल पटेल का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि आज यानी सोमवार को अजित पवार, सुनील तटकरे और मैंने वाईबी चव्हाण सेंटर में शरद पवार से मुलाकात की। हमने उनसे फिर से एनसीपी को एकजुट रखने का अनुरोध किया। उन्होंने हमारी बात सुनी, लेकिन इस पर कुछ नहीं कहा।
रविवार को भी हुई थी मुलाकात
इससे पहले कल यानी 16 जुलाई को अजित पवार गुट के नेता शरद पवार से मिलने के लिए मुंबई स्थित वाईबी चव्हाण सेंटर पहुंचे थे। इस दौरान महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजीत पवार, प्रफुल्ल पटेल, छगन भुजबल और दिलीप वलसे पाटिल समेत कई नेता मौजूद थे।
विधायकों की वापसी पर होगी खुशी
वहीं, शरद पवार के साथ बागियों की बैठक के बाद जयंत पाटिल ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार में शामिल सभी बागी मंत्रियों की वापसी पर उन्हें खुशी होगी। उन्होंने कहा कि जो एनसीपी विधायक महाराष्ट्र सरकार में शामिल हुए, अगर हमारी पार्टी में वापस आते हैं, तो महाराष्ट्र एनसीपी के अध्यक्ष के रूप में मुझे इससे बहुत खुशी होगी।
2 जुलाई को एनडीए में शामिल हो गए अजीत पवार
बता दें कि 2 जुलाई को महाराष्ट्र की राजनीति में भूचाल आ गया था। अजित के नेतृत्व में एनसीपी के दिग्गज नेताओं ने पार्टी से बगावत कर दी और एनडीए में शामिल हो गए।












Click it and Unblock the Notifications