Train Accident Jalgaon Maharashtra: आग की अफवाह ने ली 11 जानें, 40 घायल, भुसावल से मेडिकल रिलीफ वैन पहुंची
Pushpak Express Train Accident Jalgaon Maharashtra: महाराष्ट्र के जलगांव में बुधवार शाम एक दिल दहला देने वाला ट्रेन हादसा हुआ। परधाड़े रेलवे स्टेशन के पास आग लगने की अफवाह के बाद पुष्पक एक्सप्रेस (12533) के यात्रियों में भगदड़ मच गई। घबराए यात्री चलती ट्रेन से कूद गए। उसी समय, दूसरे ट्रैक पर तेज़ी से आ रही कर्नाटक संपर्क क्रांति एक्सप्रेस (12629) ने कई यात्रियों को कुचल दिया। न्यूज एजेंसी IANS के अनुसार, इस हादसे में 8-11 लोगों की मौत हो गई और करीब 40 यात्री घायल हो गए।
महाराष्ट्र के जलगांव में पुष्पक एक्सप्रेस ट्रेन हादसा कैसे हुआ?
घटना स्थल पर मौजूद रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि जहां यह दुर्घटना हुई, वहां रेलवे ट्रैक पर तीखा मोड़ है। यात्रियों को कर्नाटक एक्सप्रेस की आवाज़ सुनाई नहीं दी, जिससे वे ट्रैक से हट नहीं सके।
यह भी पढ़ें- Pushpak Train Accident Reason: पुष्पक एक्स. ट्रेन हादसे का आंखों देखा हाल, यात्री बोला-हॉर्न बजता तो बच जाते

सेंट्रल रेलवे के भुसावल डिवीजन के अनुसार, हादसे के बाद मेडिकल रिलीफ ट्रेन को तुरंत रवाना किया गया। सेंट्रल रेलवे के सीपीआरओ स्वप्निल निला ने बताया कि पुष्पक एक्सप्रेस को पाचोरा स्टेशन पर ले जाया गया है, जहां मेडिकल टीम यात्रियों को प्राथमिक चिकित्सा प्रदान कर रही है।
जलगांव ट्रेन हादसे का कारण: अफवाह और तकनीकी समस्या
रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, हादसे की शुरुआत पुष्पक एक्सप्रेस के एक कोच में स्पार्क (चिंगारी) निकलने से हुई। यह समस्या गरम एक्सेल या ब्रेक बाइंडिंग के कारण हुई थी, जिससे धुआं निकला। यह धुआं यात्रियों में आग लगने की अफवाह के रूप में फैल गया। घबराहट में कुछ लोगों ने चेन पुलिंग कर दी और कई यात्री चलती ट्रेन से कूद गए।
Pushpak Express Karnataka Express Accident: जलगांव ट्रेन एक्सीडेंट हादसे का आंखों देखा हाल
एक यात्री ने बताया, "हादसा करीब शाम 3:30 से 4 बजे के बीच हुआ। जब हमने अफवाह सुनी कि ट्रेन में आग लग गई है, तो लोग डर के मारे बाहर कूद गए। इसी दौरान दूसरे ट्रैक पर कर्नाटक एक्सप्रेस तेज़ गति से आ रही थी। अगर ट्रेन ने हॉर्न बजाया होता, तो शायद यात्री सतर्क हो जाते।"
ट्रेन एक्सीडेंट पर क्या बोले जलगांव सांसद और प्रशासन का रुख
जलगांव की सांसद स्मिता वाघ ने हादसे को लेकर दुख जताया। उन्होंने कहा, "डीआरएम और कलेक्टर से संपर्क कर मौके पर डॉक्टरों की टीम भेजी गई है। आग लगने की अफवाह के कारण यह हादसा हुआ। मैं जल्द ही घटनास्थल पर पहुंच रही हूं।"
रेलवे की कार्रवाई और जांच
रेलवे ने वरिष्ठ अधिकारियों की टीम को जांच के लिए घटनास्थल पर भेजा है। प्रारंभिक रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि ब्रेक बाइंडिंग या एक्सेल में गड़बड़ी ने इस अफवाह को जन्म दिया।
रेलवे ने मृतकों के परिवारों और घायलों को उचित मुआवजा देने और हादसे की पूरी जांच कराने का आश्वासन दिया है। प्रशासन का दावा है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षात्मक कदम उठाए जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications