Pune News: पिज्जा, बर्गर और बिरयानी...पोर्श कार दुर्घटना के आरोपी किशोर की दामाद जैसी हुई थाने में खातिरदारी!
Pune Porsche Accident: पुणे में पोर्श कार दुर्घटना मामले में मंगलवार को एक और बड़ा तथ्य सामने आया है। कार चलाने वाले 17 साल के आरोपी किशोर को पुलिस ने हिरासत के 14 घंटे के भीतर जमानत दी। आरोप है कि जमानत से पहले पुलिस स्टेशन में आरोपी को पिज्जा, बर्गर और बिरयानी खिलाई गई थी।
इतना ही नहीं, आरोप यह भी है कि किशोर थाने में दामाद जैसी खातिरदारी की गई। इसके लिए विपक्ष ने पुणे के पुलिस आयुक्त को बर्खास्त करने की मांग की है।

पुलिस आयुक्त को बर्खास्त करने की उठी मांग
शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने मांग की कि पुणे के पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार को बर्खास्त किया जाना चाहिए। राउत ने दावा किया कि किशोर को हिरासत में लेने के बाद पुलिस स्टेशन में पिज्जा और बर्गर परोसा गया था। उन्होंने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के एनसीपी गुट के एक विधायक पर पुलिस स्टेशन में मौजूद होने और 17 वर्षीय किशोर की मदद करने का भी आरोप लगाया।
संजय राउत ने कहा कि पुणे पुलिस ने एक अमीर लड़के की मदद की,जिसने दो युवाओं की जान ले ली। आप उसे पिज्जा और बर्गर किसलिए परोस रहे हैं? अब, वीडियो सामने आया है कि लड़का शराब पी रहा था। हर कोई वास्तविकता से अवगत था, फिर भी उनकी मदद की। पुणे पुलिस आयुक्त को निलंबित करने की अपनी मांग दोहराते हुए, राउत ने कहा कि अन्यथा पुणे के लोग सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर होंगे।
पुलिस आयुक्त ने व्यक्त की आरोपों पर प्रतिक्रिया
आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए, पुणे के पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने कहा कि अगर कोई अधिकारी आरोपियों की मदद करता पाया गया,तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। कुमार ने कहा कि उनकी जांच में आरोपी को पिज्जा खिलाए जाने या तरजीह दिए जाने के बारे में कुछ भी पता नहीं चला है।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि इन आरोपों के संबंध में कोई तथ्य सामने नहीं आया है। घटना सामने आने के बाद से पुलिस सख्त है। अगर किसी पुलिस अधिकारी ने आरोपी की किसी भी तरह से मदद की है, तो हम जांच के बाद कार्रवाई करेंगे।
कांग्रेस विधायक ने भी कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल
महाराष्ट्र कांग्रेस के विधायक रवींद्र धांगेकर ने भी इसी तरह के आरोप लगाए और येरवडा पुलिस स्टेशन पर कानून व्यवस्था की बेबसी आरोप लगाया, जहां किशोर और स्पोर्ट्स कार में सवार अन्य लोगों को हिरासत में लिया गया था।
धांगेकर ने कहा कि येरवडा पुलिस स्टेशन में बिकी हुई कानून-व्यवस्था,जिसने मामूली धाराएं लगाकर नाबालिग की जमानत के लिए रेड कारपेट बिछाया। जिसने दो लोगों को चींटियों की तरह कुचल दिया, उसे पुलिस स्टेशन में लाकर बिरयानी और पिज्जा खिलाया गया। उन्होंने अभिनेता सलमान खान के हिट-एंड-रन मामले से तुलना करते हुए कहा कि शुरू में किशोर ने यह कहकर नाटक रचा था कि स्पोर्ट्स कार वह नहीं चला रहा था।
कौन है यह आरोपी लड़का?
पोर्शे कार से दो लोगों को मौत के घाट उतारने वाला नाबालिग लड़का एक प्रसिद्ध रियल एस्टेट बिल्डर का बेटा है। कार के अंदर घटना के वक्त तीन लोग थे। लेकिन, कार बिल्डर का बेटा चला रहा था। एक पब के सीसीटीवी फुटेज के सामने आने के बाद खुलासा हुआ कि घटना को अंजाम देने से पहले नाबालिग ने दोस्तों के साथ मिलका जमकर शराब पी थी। मृतक अनीश अवधिया और उनके साथी अश्विनी कोष्टा के परिजनों ने महाराष्ट्र पुलिस की आलोचना की है।












Click it and Unblock the Notifications