पुणे पोर्शे हादसे पर डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने माता-पिता से की अपील, कही ये खास बात
Maharashtra News: पुणे पोर्शे हादसे के बाद महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने अभिभावकों से एक खास अपील की है। डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि आजादी को मनमानी न बनने दें। डिप्टी सीएम ने पुणे पोर्शे दुर्घटना मामले में हुई कार्रवाई पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जिसमें दो इंजीनियरों की मौत हो गई थी।
मीडिया से बातचीत करते हुए डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने किशोर अधिनियम के तहत अभिभावकों की जिम्मेदारी के महत्व पर जोर दिया। फडणवीस ने कहा कि अगर कोई नाबालिग गलती करता है तो सबसे पहली कार्रवाई उसके माता-पिता के खिलाफ होती है। उन्होंने माता-पिता से अपील की कि वे अपने बच्चों को गाड़ी चलाने की अनुमति देने से पहले पुनर्विचार करें।

डिप्टी सीएम फडणवीस ने घटना को गंभीर बताया और कहा कि इसमें एक युवक और एक युवती की मौत हो गई है। कहा कि इस घटना के बाद आज मैंने पुलिस विभाग की बैठक की, इसमें अब तक क्या हुआ, अगली कार्रवाई क्या होगी और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्या सावधानियां बरतनी हैं, इस पर विस्तृत चर्चा हुई।
डिप्टी सीएम ने बताया कि पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रिमांड के आवेदन में आईपीसी 304 का साफ तौर पर जिक्र किया है। उन्होंने निर्भया मामले के बाद हुए कानूनी संशोधनों का हवाला देते हुए कहा कि कानून के अनुसार, गंभीर अपराधों में 16 साल से अधिक उम्र के नाबालिगों पर वयस्कों की तरह मुकदमा चलाया जा सकता है। पुलिस ने इस प्रावधान को दुर्घटना में शामिल 17 वर्षीय किशोर पर लागू किया है।
फडणवीस ने बताया कि नाबालिगों को शराब परोसने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है और वे चार दिन की रिमांड पर हैं। नाबालिग होने के बावजूद लड़के को गाड़ी चलाने की अनुमति देने के आरोप में उसके पिता के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। फडणवीस ने अभिभावकों से विशेष अपील करते हुए उन्हें याद दिलाया कि स्वतंत्रता मनमानी नहीं होनी चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications