पुणे में बारिश का कहर, स्कूल बंद, कई लोगों की मौत, रेड अलर्ट जारी
Pune Rain : महाराष्ट्र में मूसलाधार बारिश के चलते आम जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। लोनावला में पिछले कई दिनों से जोरदार बारिश हो रही है। जिसकी वजह से बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। इस दौरान हिल स्टेशन घूमने आए तकरीबन 25-30 टूरिस्ट यहां फंस गए हैं।
लोनावला के हिल स्टेशन विलेज मालवली में घूमने के लिए आए तकरीबन 30 टूरिस्ट यहां एक घर में फंस गए है। मौके पर शिवदुर्ग बचाव दल और स्थानीय लोगों ने इन लोगों की मदद की और इन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इस घटना का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमे देखा जा सकता है कि कई टूरिस्ट के कमर तक पानी भरा है।

टूरिस्ट को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन
मलवाली गांव में स्थित हिल स्टेशन के पास हर वर्ष बड़ी संख्या में टूरिस्ट आते हैं। लेकिन भारी बारिश की वजह से बुधवार को यहां लोग फंस गए और घंटो तक जोरदार बारिश की वजह से निकल नहीं पाए। काफी देर तक हुई बारिश की वजह से आसपास जलभराव हो गया। जिसके बाद यहां फंसे टूरिस्ट को रेस्क्यू करने का काम शुरू किया गया।
वहीं मौसम विभाग की ओर से कहा गया है कि लोनावला और आसपास के इलाकों में अभी भी तेज बारिश की संभावना है। जिला प्रशासन की ओर से गुरुवार और शुक्रवार को स्कूल बंद करने का ऐलान किया गया है।
पर्वतीय इलाकों में जोरदार बारिश
वहीं पुणे में डीएम सुहास दिवसे ने कहा कि पुणे जो भी पर्वतीय इलाके हैं वहां पर काफी बारिश हो रही है। वहां पर कुछ तहसील में 150 से 270 मिलीमीटर तक बारिश हुई है। पुणे के सबसे बड़े डैम खड़कवासला में पानी का बहाव कल से शुरू हुआ है। यहां 9000 क्यूसेक पानी छोड़ रहे हैं, अब इस डैम का लेवल 40 हजार के ऊपर जा चुका है।
स्कूल बंद, रेड अलर्ट जारी
इन इलाकों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। यहां स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दिया गया है। यरवड़ा, बाउधन में बिल्डिंग की पार्किंग में पानी घुस गया है। नदी के बहाव के कारण यहां पानी का लेवल बढ़ता जा रहा है। यहां आपात सेवाएं तैनात हैं। एनडीआरएफ की टीम तैनात हो रही है। आप सभी से निवेदन है कि सुरक्षित जगह पर बने रहें, परेशान होने की जरूरत नहीं है। स्थिति नियंत्रण में है।
अगले तीन घंटों में भारी बारिश का अलर्ट
औद्योगिक क्षेत्रों में भी लोगों से अपील की गई है कि वह कर्मचारियों को छुट्टी दें, हम अगले तीन घंटे में पुणे में भारी बारिश की संभावना है। जो टूरिस्ट स्पॉट हैं उन्हें 48 घंटे के लिए बंद कर दिया गया है। दो जगहों पर लैंड स्लाइड की घटना हुई है, जिसमे एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि एक व्यक्ति घायल हुआ है।
बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत
पुणे में बिजली लगने की वजह से 3 लोगों की मौत हुई है। इन लोगों का नदी के पास स्टॉल था, ये लोग इसे निकालने के लिए गए थे, इस दौरान उन्हें बिजली लगी और उनकी मौत हो गई। मुख्यमंत्री हालात पर नजर बनाए हुए हैं। एनडीआरएफ की टीम यहां आ रही है। लोगों से अपील है कि जरूरत ना हो तो घर से बाहर ना जाएं, खुद को सुरक्षित जगह पर रखें।












Click it and Unblock the Notifications