पुणे एयरपोर्ट फिर से शुरू, सेना के इंजीनियर्स ने सिर्फ 14 दिनों में कर दी रनवे की मरम्मत
नई दिल्ली, 30 अक्टूबर: महाराष्ट्र के पुणे शहर जाने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है, जहां शनिवार को 14 दिन बाद एयरपोर्ट से उड़ानों का संचालन फिर से शुरू कर दिया गया। 16 अक्टूबर को एयरपोर्ट मैनेजमेंट ने रनवे रिपेयर करने के लिए अस्थायी रूप से विमान सेवाओं को बंद कर दिया था। शुक्रवार को काम पूरा होने के बाद शनिवार से इसे फिर से सामान्य रूप से खोल दिया गया है।

वहीं एयरपोर्ट से फ्लाइट का संचालन शुरू होते ही बड़ी संख्या में यात्री पहुंचे। इस दौरान एयरपोर्ट अथॉरिटी ने फूलों के साथ उनका स्वागत किया। साथ ही ट्वीट कर लिखा कि पुणे एयरपोर्ट पर आपका फिर से स्वागत करते हुए हमें खुशी हो रही है। दूसरे ट्वीट में अथॉरिटी ने लिखा कि उड़ान संचालन आज फिर से शुरू हो गया है। पहली उड़ान दिल्ली 6ई-2867 से इंडिगो की उड़ान थी, जो 100 यात्रियों के साथ सुबह 08.06 बजे पहुंची।
अधिकारियों के मुताबिक अभी सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक के लिए परिचालन शुरू किया गया है। 30 नवंबर तक रात के संचालन को बंद रखा जाएगा। अब एयरपोर्ट पर रौनक लौट आई है, जहां शनिवार को ही कम से कम 56 उड़ानें संचालित होंगी। वहीं केंद्र सरकार ने अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर रोक जारी रखी है, ऐसे में सिर्फ डोमेस्टिक फ्लाइट्स का ही संचालन हो रहा है।
एयरफोर्स करती है संचालन
आपको बता दें कि भारतीय वायुसेना के पास पुणे एयरपोर्ट के रनवे संचालन का जिम्मा है। इस महीने की शुरुआत में वायुसेना स्टेशन पुणे के रनवे और संबंधित ऑपरेटिंग सतहों की खराब स्थिति की वजह से रनवे का काम जरूरी हो गया था। इसके बाद मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विस को इसका जिम्मा मिला, जिसने रिकॉर्ड 14 दिनों में ही मरम्मत कर दी।












Click it and Unblock the Notifications