कोरोना के खौफ से वैक्सीनेशन सेंटर पर उमड़ी लोगों की भारी भीड़, टीका लेने के लिए घंटों लगे लाइन में
मुंबई, अप्रैल 29। देश में अब टीकाकरण केंद्रों पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ने लगी है। शुरुआत में बहुत धीमी रफ्तार के साथ शुरू हुआ टीकाकरण अभियान अब रफ्तार पकड़ रहा है और इसकी वजह कोरोना वायरस का घातक साबित होना है। जिस तरह देश के अंदर अब कोरोना संक्रमित मरीजों की जान जा रही है, उसे देखते हुए लोग अब वैक्सीन लगवाने के लिए घरों से बाहर निकल रहे हैं। ये नजारा मुंबई के नेस्को टीकाकरण केंद्र का है, जहां सुबह-सुबह ही वैक्सीन लगवाने के लिए लोगों की लंबी लाइन लग गई। यहां वैक्सीनेशन सेंटर पर 45 साल से उपर के और 60 साल से उपर के लोग भी टीका लगवाने के लिए लाइन में लगे हुए नजर आए।

मुंबई में और भी जगह देखे जा रहे हैं ऐसे नजारे
आपको बता दें कि अभी दो दिन पहले भी मुंबई में ऐसा ही नजारा महाराष्ट्र के सबसे बड़े टीकाकरण केंद्र बीकेसी पर भी दिखा था। इसके अलावा मुंबई के दहिसर और सांताक्रुज के वीएन देसाई हॉस्पिटल में भी वैक्सीन लगवाने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है। आपको बता दें कि टीकाकरण केंद्रों पर लोगों की भारी भीड़ होने की वजह से अव्यवस्था भी देखने को मिल रही है। लोगों सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ा रहे हैं। लोग कोविड प्रोटोकॉल का उल्लंघन कर रहे हैं।
महाराष्ट्र में वैक्सीन की है भारी कमी!
महाराष्ट्र में वैक्सीनेशन सेंटरों पर लोगों की भीड़ के बीच वैक्सीन की कमी भी देखी जा रही है। टीकाकरण केंद्रों पर भीड़ होने की वजह ये भी है कि लोगों को वैक्सीन नहीं मिल रही है। वैक्सीन की कमी को देखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने 1 मई से शुरू होने वाले टीकाकरण अभियान के चौथे चरण को फिलहाल स्थगित कर दिया है। सरकार का कहना है कि जब तक वैक्सीन नहीं आ जाएगी, तब तक हम टीकाकरण शुरू नहीं कर पाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications