Parbhani Mob Lynching: महाराष्ट्र में हैवान बनी भीड़, चोरी के शक में नाबालिग बच्चे की नृशंस हत्या
महाराष्ट्र में एक बार भीड़ का वीभत्स चेहरा सामने आया है। Parbhani Mob Lynching की ये घटना सिहरन पैदा करती है। एक नाबालिग बच्चे को चोरी के शक में इतना पीटा गया कि उसकी जान निकल गई।

Parbhani Mob Lynching: महाराष्ट्र के परभणी इलाके के उखलाद गांव में मॉब लिंचिंग की कथित घटना में नाबालिग लड़के की मौत हो गई। भीड़ को लड़कों की टोली पर बकरियां चुराने का शक था।
परभणी की इस वीभत्स वारदात से जुड़ी रिपोर्ट के अनुसार, घायलों में से एक लड़के ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। शनिवार को भीड़ ने चोरी के शक में तीन लड़कों की पिटाई की थी।
भीड़ की खौफनाक हिंसा पर इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, परभनी में पुलिस अधीक्षक (एसपी) रागसुधा आर ने कहा कि पुलिस ने कथित मॉब लिंचिंग की घटना में नौ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
बता दें कि विगत मार्च में, बिहार में गोमांस ले जाने के संदेह में पीट-पीटकर हत्या हुई थी। हालांकि पुलिस ने पीड़ित के पास से गोमांस बरामद होने की पुष्टि नहीं की। 56 वर्षीय मृत की पहचान सीवान जिले के हसनपुर गांव में रहने वाले नसीम कुरैशी के रूप में हुई थी।
बिहार की मॉब लिंचिंग की घटना उस समय हुई जब नसीम और उसका भतीजा फिरोज कुरैशी सारण जिले के जोगिया गांव में अपने रिश्तेदारों से मिलने जा रहे थे। दोनों को जोगिया गांव में बैग में गोमांस ले जाने के संदेह पर रोका गया।
फिरोज भागने में सफल रहा, वहीं नसीम को कथित तौर पर भीड़ ने पीटा और बाद में स्थानीय पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने कहा कि उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।












Click it and Unblock the Notifications