Param Bir Singh's Issue: फडणवीस का पलटवार, कहा-'सच्चाई से दूर भाग रहे पवार'
मुंबई: महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख पर मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह की ओर से लगाए गए गंभीर आरोपों का मामला अब सियासी भूचाल बन गया है। पूर्व पुलिस कमिश्नर ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को चिठ्ठी लिखकर 100 करोड़ रुपए हर महीने मांगने का आरोप लगाया है। इस पूरे मामले में एनसीपी चीफ शरद पवार ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि गृह मंत्री के खिलाफ लगाए गए आरोपों की जांच करने का निर्णय लेने का पूरा अधिकार महाराष्ट्र मुख्यमंत्री के पास है। इस बयान के बाद अब महाराष्ट्र के पूर्व सीएम देवेंद्र फडणवीस ने निशाना साधा है।

पूर्व सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि शरद पवार ने यह सरकार बनाई इसलिए वह उनका बचाव कर रहे हैं। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और गृहमंत्री के आदेश पर ही सचिन वाजे को वापस सेवा में लाया गया था। पवार साहब सच्चाई से दूर भाग रहे हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि गृह विभाग के कारोबार पर सवाल उठाने वाले परमबीर सिंह पहले व्यक्ति नहीं है इससे पहले महाराष्ट्र के डीजी सुबोध जायसवाल ने गृह विभाग में होने वाली रिश्वतखोरी, तबादला के बारे में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री को एक रिपोर्ट सौंपी थी। लेकिन सीएम ने इस पर कार्रवाई नहीं की। इसलिए डीजी जायसवाल को अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा।
फडणवीस ने अपनी मांग को दोहराते हुए कहा कि इस मामले की जांच तब तक नहीं हो सकती जब तक महाराष्ट्र के गृह मंत्री अपने पद पर बने रहें। इसलिए अनिल देशमुख को इस्तीफा देना चाहिए। वहीं भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव सीटी रवि ने कहा कि हम सीबीआई जांच और गृहमंत्री को मंत्रिमंडल से हटाने की मांग करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications