अजित पवार की एंट्री के बाद क्या कांग्रेस में जा रही हैं भाजपा नेता पंकजा मुंडे, आखिरकार तोड़ी चुप्पी
Pankaja Munde On Joining Congress: महाराष्ट्र की राजनीति में उथल-पुथल के बीच कांग्रेस में जाने की बात पर अब भाजपा नेता पंकजा मुंडे ने चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने इस मसले को लेकर मीडिया चैनलों पर नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले एक खबर आई थी कि मैं राहुल गांधी और सोनिया गांधी से दो बार मिली हूं और मैं बीजेपी छोड़ रही हूं और कांग्रेस में शामिल हो रही हूं। ऐसी खबरें बिल्कुल झूठी हैं। मैं शपथ लेती हूं कि मैंने ऐसा कभी नहीं किया है। मैंने कभी किसी पार्टी के नेता से उनकी पार्टी में शामिल होने के संबंध में बात नहीं की। मैंने कभी राहुल गांधी या सोनिया गांधी को व्यक्तिगत रूप से देखा भी नहीं है। मैं चैनल के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर करने जा रही हूं।
पंकजा मुंडे (Pankaja Munde) ने कहा कि मैं उस बातों को इग्नोर कर देती थी जब कहीं से खबर आती थी कि पंकजा को इस पार्टी से ऑफर है तो पंकजा को उस पार्टी से ऑफर है। लेकिन अब न्यूज चैनल वाले क्वेश्चन मार्क देकर चला रहे हैं पंकजा कांग्रेस में शामिल होने जा रही हैं। यह चालाकी नहीं चलेगी। मैं ऐसे चैनलों के खिलाफ मानहानि का मुकदमा करूंगी। उन्होंने कहा कि खबर आने के बाद मेरे पास कार्यकर्ता का, रिश्तेदार का फोन आने लगा है। इतना ही नहीं मेरे बच्चे न्यूज देखकर मुझसे पूछने लगते हैं। इससे मेरी गरिमा और प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचती है।

मेरे करियर की कीमत कौड़ियों के भाव नहीं
पंकजा मुंडे (Pankaja Munde) ने कहा कि मेरे करियर की कीमत कौड़ियों के भाव नहीं हैं। मेरे साथ लाखों लोग जुड़े हैं। उनके भविष्य मुझसे जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की झूठी खबरों से पीड़ा होती है। उन्होंने कहा कि मेरे जैसे सरल और पार्टी से प्रमाणिक नेता की गरिमा पर यह बहुत बड़ा सवाल है। मैं अब चुप रहने वाली नहीं हूं।












Click it and Unblock the Notifications