"वो पाकिस्तान का हौसला बढ़ा रहे",अबू आजमी ने ऐसा क्या दिया बयान जिस पर भड़के शिवसेना नेता संजय निरुपम
Pahalgam attack: 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर पहुंच चुका है। इस आतंकी हमले के बाद भारत पाकिस्तान के खिलाफ एक के बाद एक एक्शन ले रहा है, इसके बावजूद विपक्षी दल के कुछ नेता इस अति संवेदनशील मुद्दे पर सुर्खियां बटोरने के लिए गैर-जिम्मेदाराना बयानबाजी कर रहे हैं।
महाराष्ट्र में समाजवादी पार्टी के विधायक अबू आजमी ने पहलगाम हमले के बाद अब ऐसा ही बयान दे डाला है जिस पर बवाल मच गया है। शिवसेना के तेज-तर्रार नेता संजय निरुपम आगबबूला हो गए हैं और उन्होंने अबू आजमी की जमकर फटकार लगाई है।

एकनाथ शिंदे गुट वाली शिवसेना के नेता संजय निरुपम ने कहा "आज भारत में अबू आजमी और उनके जैसे लोगों को जो दर्जा मिला है वह इसलिए है क्योंकि वो भारत में पैदा हुए और देश ने उन्हें ताकत दी। इस समय हम पाकिस्तान के खिलाफ लड़ने के लिए तैयार हैं। अबू आजमी जैसे नेता ऐसा बयान देकर वो पाकिस्तान का हौसला बढ़ा रहे हैं।"
"वे पाकिस्तान चले जाएं और वहां शांति से रहे"
संजय निरुपम ने कहा "हम उम्मीद करते हैं कि इस समय पूरा देश एक साथ खड़ा होगा लेकिन अबू आजमी ने लक्ष्मण रेखा पार कर ली है और वो पाकिस्तानी की भाषा बोल रहे हैं। शिंदे गुट वाली शिवसेना के नेता ने आगे कहा अगर उनके जैसे लागों या किसी भी मुसलमान को लगता है कि भारत में उनके साथ अन्याय हो रहा है तो वे पाकिस्तान चले जाएं और वहां शांति से रहे।"
सपा विधायक ने क्या बयान दिया?
पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर दिए बयान में समाजवादी पार्टी (सपा) विधायक अबू आजमी ने सीधे तौर पर केंद्र सरकार की नीतियों को कटघरे में खड़ा कर दिया। आज़मी ने कहा कि "नोटबंदी और अनुच्छेद 370 हटाने के बाद आतंकवाद खत्म करने का दावा किया था लेकिन आतंकवाद अब भी जिंदा है पहलगाम में आतंकवादी आए लोगों से उनका धर्म पूछकर उसकी हत्या करके चलते गए। ये बेहद शर्मनाक है।"
"यह अब धर्म की नहीं, इंसानियत की लड़ाई है"
अबू आजमी ने कहा "ये समय मुस्लिम हिंदू के बीच फर्क करने का नहीं है हमें मिलकर आतंकवाद के खिलाफ खड़े होने का है। ये अब धर्म नहीं, इंसानियत की लड़ाई है। जो लोग पहलगाम हिंसा में प्रभावित हुए, वो स्वयं कह रहे है कि वहां पर मुसलमानों ने उनकी मदद की।
पीएम को लेकर अबू आजमी ने बोली ये बात
अबू आजमी ने कहा "पहलगाम हमले में आतंकियों ने लोगों का धर्म पूछकर गाेलियां चलाईं। ऐसा करके आतंकी धर्म के नाम पर हमें बांटना चाहते हैं। आप भी लोगों को अलग कर रहे हैं। जो आतंकवादी चाहते है ऐसा करके हम उनके मकसद को पूरा कर रहे हैं। मुझे ये लगता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आतंकवाद के खिलाफ एक मजबूत और स्पष्ट संदेश दें। हम सभी को साथ मिलकर आतंकवाद को खत्म करना है।"
सपा विधायक अबू आजमी ने पहले औरंगजेब की तारीफ की थी
याद रहे अबू आजमी समाजवादी पार्टी के वो विधायक हैं जिन्होंने मुगल शासक औरंगजेब की प्रशंसा करने वाली टिप्पणी की थी। जिस पर महाराष्ट्र में बवाल मच गया था और जमकर आलोचना हुई थी। अबू आजमी ने कहा था "औरंगजेब ने कई मंदिरों का निर्माण कराया था। उनके शासनकाल में भारत की सीमाएं अफगानिस्तान और बर्मा तक फैली थीं, और उस दौर में भारत की जीडीपी विश्व की कुल जीडीपी का 24 प्रतिशत थी।"












Click it and Unblock the Notifications