Net Worth:'खुद को कभी CM नहीं समझा' कहने वाले एकनाथ शिंदे के पास है करोड़ों की संपत्ति, जानिए खास बातें
Eknath Shinde Net Worth : महाराष्ट्र के कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने आज ठाणे में पीसी करके अपनी स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने साफ लफ्जों में कहा कि 'पीएम मोदी की ओर से राज्य के लिए जो फैसला लिया जाएगा, वो मान्य होगा और उसमें उनकी तरफ से कोई अड़चन पैदा नहीं आएगी।'
उन्होंने साफ कहा कि 'मैंने हमेशा राज्य की जनता के भले के बारे में सोचा है और खुद को कभी भी मुख्यमंत्री नहीं सोचा। मैं खुश हूं कि मैं जनता के विश्वास पर खरा उतरा हूं, मैं राज्य के लोगों के लिए काम करता रहा हूं और आगे भी करता रहूंगा।'

उद्धव ठाकरे गुट को छो़ड़कर भाजपा के साथ सरकार बनाकर सीएम बनने वाले एकनाथ शिंदे का इस चुनाव में करिश्माई अंदाज दिखा है। इस चुनाव में उन्होंने जिस तरह से सीटें जीतीं उससे उनके असली शिवसैनिक होने का दावा सही साबित हुआ है। आपको बता दें कि एक ऑटो चालक से राज्य के सीएम बनने का उनका सफर आसान नहीं था।
महाराष्ट्र के सतारा जिले में हुआ था शिंदे का जन्म
9 फरवरी 1964 को महाराष्ट्र के सतारा जिले में जन्मे एकनाथ शिंदे ने ठाणे के मंगला हाई स्कूल और जूनियर कॉलेज में 11वीं कक्षा तक पढ़ाई की, शिंदे ने अपने परिवार का भरण-पोषण करने के लिए स्कूल छोड़ दिया और ऑटो रिक्शा चलाने लग गए। हालांकि, उन्होंने 2014 में सरकारी मंत्रालय में शामिल होने के बाद अपनी शिक्षा फिर से शुरू की।
महाराष्ट्र मुक्त विश्वविद्यालय से कला स्नातक की उपाधि प्राप्त की
उन्होंने 2020 में यशवंतराव चव्हाण महाराष्ट्र मुक्त विश्वविद्यालय से कला स्नातक की उपाधि प्राप्त की और 28 मार्च 2023 में नवी मुंबई विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में वो डी.लिट की उपाधि से नवाजे गए।
पांच वर्षों में संपत्ति में 63.31 प्रतिशत की वृद्धि हुई
चुनाव के लिए शिंदे ने जो हलफनामा दाखिल किया था, उसके मुताबिक पिछले पांच वर्षों में उनकी कुल संपत्ति में 63.31 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जबकि उनकी पत्नी की संपत्ति में 73.26 प्रतिशत का इजाफा हुआ था। शिंदे ने हलफनामे में ₹14.83 करोड़ की कुल संपत्ति घोषित की थी जबकि साल 2019 में शिंदे की कुल संपत्ति ₹5.44 करोड़ थी।
₹7.92 लाख की कीमत के सोने के आभूषण
शिंदे के पास ₹10.76 लाख की FD, ₹50,500 के ठाणे जनता सहकारी बैंक (TJSB) के शेयर, ₹59.87 लाख की एलआईसी पॉलिसी और ₹7.92 लाख की कीमत के सोने के आभूषण हैं। उनके पास ₹2.50 लाख की कीमत की रिवॉल्वर और ₹2.25 लाख की कीमत की पिस्तौल भी है।
शिंदे गुट ने लिखी थी सत्ता परिवर्तन की कहानी
साल 2022 में महाराष्ट्र की राजनीति में आए संकट के दौरान, शिंदे गुट ने अलग होकर राज्य में सत्ता परिवर्तन की कहानी लिखी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के समर्थन से उन्होंने 30 जून 2022 को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।












Click it and Unblock the Notifications