'आज के हालात में समाज के सभी वर्गों में एकता की जरूरत', महाराष्ट्र के कई शहरों में फैले तनाव पर शरद पवार
Maharashtra News: महाराष्ट्र के तीन शहरों में सांप्रदायिक तनाव की घटना सामने आई है। बांग्लादेश में हिंदुओं पर हिंसा के विरोध में जुलूस के दौरान पथराव किया गया, जिसके बाद दो गुटों के बीच बवाल हो गया। जलगांव, नासिक और छत्रपति संभाजी महाराज नगर के वैजापुर कस्बे में तनाव की खबरें आमने आई।
महाराष्ट्र में हुई इन सांप्रदायिक तनाव की घटनाओं पर अब एनसीपी-एससीपी प्रमुख शरद पवार की कड़ी प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने कहा कि आज के हालात में समाज के सभी वर्गों में एकता की जरूरत है।

बांग्लादेश की हिंसा पर बोले पवार
न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए शरद पवार ने कहा, "बांग्लादेश में कुछ घटनाओं के बाद हमने देखा है कि सत्ता परिवर्तन हुआ है। वहां के युवाओं ने शासकों के खिलाफ विद्रोह किया और उसके कारण कुछ घटनाएं हुईं, जिसका असर भारत में कुछ जगहों पर देखने को मिला।"
महाराष्ट्र में बांग्लादेश का दिखा असर
शरद पवार ने आगे कहा कि पश्चिम बंगाल में सीमा के करीब होने के कारण वहां ऐसी स्थिति पैदा हुई, लेकिन ऐसा नहीं लगता था कि वहां हुई कुछ घटनाओं का असर महाराष्ट्र में देखने को मिलेगा। मैं इसकी तह में नहीं जाना चाहता, लेकिन आज के हालात में समाज के सभी वर्गों में एकता की जरूरत है।
'जो कुछ भी हुआ वो किसी के हित में नहीं'
उन्होंने लोगों और सरकार को एक मैसेज देते हुए कहा कि महाराष्ट्र में कुछ जगहों पर जो कुछ भी हुआ वह न तो राज्य के हित में है और न ही समाज के हित में। आज शांति की जरूरत है, अगर शांति स्थापित करनी है तो राजनीति और सामाजिक कार्य करने वाले लोगों को संयम दिखाने की जरूरत है और शांति बनाए रखने की चिंता करनी चाहिए।
तीन शहरों में सांप्रदायिक तनाव
महाराष्ट्र के तीन जगहों पर बांग्लादेश में हिंदुओं पर हिंसा के विरोध में जुलूस के दौरान पथराव की घटना को अंजाम दिया गया। जलगांव शहर में शुक्रवार को हिंदू संगठन के जुलूस के दौरान एक वाहन शोरूम पर कुछ पत्थर फेंके गए।
नासिक में सकल हिंदू समाज नाम के संगठन की रैली पर पथराव किया गया, जिसके बाद दो गुट आसने-सामने आ गए। वहीं छत्रपति संभाजी महाराज नगर के वैजापुर कस्बे में नासिक के एक महंत द्वारा दिए गए विवादास्पद बयान के कारण तनाव की खबरें आई।












Click it and Unblock the Notifications