मुंबई में एनसीपी नेताओं की बैठक, नवाब मलिक ने बताया क्या हुई चर्चा
मुंबई, 29 जून: मंगलवार शाम को मुंबई में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) की बैठक हुई है। पार्टी नेता प्रफुल पटेल के आवास पर पार्टी नेताओं की ये बैठक हुई है।महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार, पार्टी नेता सुप्रिया सुले, छगन भुजबल, नवाब मलिक इस बैठक में मौजूद रहे। बैठक के बाद पार्टी प्रवक्ता नवाब मलिक ने कहा कि पार्टी का विस्तार कैसे हो, विभाग के माध्यम से आगे किस तरह काम किया जाए इस पर चर्चा हुई। साथ ही अलग-अलग सरकारी समितियों में तीनों पार्टियों (एनसीपी, कांग्रेस, शिवसेना) के बीच समन्वय करके जल्द से जल्द सभी समितियों पर लोगों की नियुक्ति हो इस पर चर्चा हुई है।

इससे पहले एनसीपी चीफ शरद पवार ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे से उनके घर पहुंचकर मुलाकात की थी। उद्धव ठाकरे के बेटे और राज्य सरकार में मंत्री आदित्य ठाकरे भी इस बैठक में शामिल थे।
महाराष्ट्र में एनसीपी, शिवसेना, कांग्रेस की गठबंधन सरकार है। हाल के दिनों में कुछ इस तरह के बयान कई नेताओं की ओर से आए, जिसके बाद सरकार की स्थिरता को लेकर सवाल खड़े हुए हैं। ऐसे में इन बैठकों पर सभी की नजरें हैं।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने हाल ही में कहा है कि वो चुनाव में कोई गठबंधन नहीं करेंगे और कांग्रेस अकेले दम पर विधानसभा चुनाव लड़ेगी। वहीं एक शिवसेन विधायक ने एक बार फिर से भाजपा के साथ गठबंधन करने के लिए उद्धव को चिट्ठी लिख दी है। ऐसे में महाराष्ट्र की राजनीति में कयासों का दौर चल रहा है।












Click it and Unblock the Notifications