NCP नेता की पत्नी ने ओसामा बिन लादेन की तुलना अब्दुल कलाम से की, बोलीं- 'समाज ने बनाया आतंकी'
Mumbai News: ठाणे में एक कार्यक्रम के दौरान एनसीपी (शरदचंद्र पवार) नेता जितेंद्र आव्हाड की पत्नी ऋता आव्हाड ने कुछ ऐसा बयान दे दिया, जिसपर अब विवाद खड़ा हो गया। दरअसल, उन्होंने आतंकवादी ओसामा बिन लादेन की तुलना अब्दुल कलाम से कर दी। उन्होंने कहा कि ओसामा बिन लादेन अपनी मां के पेट से आतंकी पैदा नहीं हुआ था, बल्कि समाज ने उसे आतंकी बनाया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ऋता आव्हाड शिक्षा के महत्व पर बोल रही थीं। इसी दौरान उन्होंने बच्चों से कहा कि आतंकी ओसामा बिन लादेन की जीवनी पढ़नी चाहिए। ताकि वे उन परिस्थितियों को समझ सकें जिनके कारण वह आतंकवादी बन गया। उन्होंने ओसामा बिन लादेन और पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम के बीच तुलना की।

उन्होंने कहा, 'जिस तरह एपीजे अब्दुल कलाम राष्ट्रपति बने, उसी तरह ओसामा बिन लादेन भी आतंकवादी बन गया। लेकिन वह आतंकवादी क्यों बना? यह समाज ही था जिसने उसे ऐसा बनने के लिए मजबूर किया। वह जन्मजात आतंकवादी नहीं था। वह हताशा में आतंकवादी बन गया।'
जैसे ही सोशल मीडिया पर ऋता आव्हाड की टिप्पणी का वीडियो सामने आया तो बीजेपी ने उन्हें आड़े हाथों लेते हुए तुरंत तीखी प्रतिक्रिया की। बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने अपनी नाराजगी व्यक्त करते हुए X पर लिखा,
'जितेंद्र आव्हाड की पत्नी ने खुले मंच पर बच्चों से ओसामा बिन लादेन की जीवनी पढ़ने का आग्रह किया, जैसे वे एपीजे अब्दुल कलाम के बारे में पढ़ते हैं, ताकि वे समझ सकें कि वह आतंकवादी कैसे बना। आतंकवादियों का बचाव करना भारत ब्लॉक में पार्टियों के नेताओं की आदत बन गई है।'
इतना ही नहीं, शहजाद पूनावाला ने आगे कहा कि जिन्होंने पहले लश्कर की एक जानी मानी आतंकवादी इशरत जहां का बचाव किया था और कांग्रेस, एनसीपी और सपा के नेताओं पर लगातार कुख्यात आतंकवादियों का बचाव करने का आरोप लगाया। वहीं, बीजेपी ने इस अवसर का लाभ उठाते हुए एनसीपी और उसके सहयोगियों पर हमला किया।
उन पर अपने वोट बैंक को साधने के लिए आतंकवादियों का महिमामंडन करने का आरोप लगाया। भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने इन टिप्पणियों पर शरद पवार और राहुल गांधी जैसे वरिष्ठ नेताओं के रुख पर सवाल उठाए और कहा कि इंडी गठबंधन और एमवीए नेताओं की पत्नियों से विवादास्पद बयान दिलवाकर एक नई रणनीति अपना रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications