'हमारा अपमान कीजिए, लेकिन हमारे बाप के बारे में...', सुप्रिया सुले ने दिखाए तेवर, अजित पवार पर बरसीं
Maharashtra NCP news: महाराष्ट्र में शरद पवार और भतीजे अजित पवार के बीच लड़ाई अब आर या पार के मोड़ पर आ गई है। बुधवार को एनसीपी के इन दोनों दिग्गज नेताओं ने अपने-अपने समर्थक विधायकों और पार्टी नेताओं की बैठक बुलाई।
इस दौरान अजित पवार ने शरद पवार का मजाक बनाते हुए कहा कि आप 83 साल के हो गए हैं, आप कब रिटायर होंगे। अजित पवार के इस तंज पर अब शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले ने पलटवार किया है।

मुंबई के यशवंतराव चव्हाण सेंटर में बुलाई गई पार्टी नेताओं की बैठक में अजित पवार पर बरसते हुए सुप्रिया सुले ने कहा, 'हमारा अपमान कीजिए, हम में से किसी के बारे में कुछ भी कहिए, लेकिन हमारे बाप के बारे में कुछ मत कहिए। ये लड़ाई भाजपा सरकार के खिलाफ है, उस भाजपा के खिलाफ जो देश की सबसे भ्रष्ट पार्टी है। असली एनसीपी आज भी हम हैं और पार्टी का चुनाव निशान भी हमारे पास है।'
सुप्रिया ने अमिताभ और रतन टाटा से की तुलना
सुप्रिया सुले यहीं नहीं रुकीं, उन्होंने आगे कहा, 'आप ये मत भूलिए कि अमिताभ बच्चन 82 साल के हैं और आज भी उसी जोश के साथ काम कर रहे हैं। कुछ लोगों को लगता है कि पार्टी के दूसरे नेता बूढ़े हो गए हैं, इसलिए अब उन्हें सिर्फ आशीर्वाद देने का काम करना चाहिए। लेकिन, ऐसे लोगों को ये नेता आशीर्वाद ही क्यों दें। रतन टाटा तो हमारे साहेब से तीन साल बड़े हैं और देश के इतने बड़े ग्रुप का नेतृत्व कर रहे हैं।'
अजित पवार ने शरद पवार को लेकर क्या कहा था?
आपको बता दें कि इससे पहले अजित पवार ने तंज कसते हुए कहा कि शरद पवार साहेब की उम्र हो गई है और उन्हें अब रिटायर हो जाना चाहिए। अजित पवार ने कहा, 'आपने सबके सामने मेरी छवि एक विलेन की बना दी है। लेकिन, फिर भी आपके लिए मेरे दिल में बहुत सम्मान है। भाजपा के नेता 75 साल की उम्र में रिटायर हो रहे हैं। लाल कृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी के उदाहरण आपके सामने हैं। आपकी उम्र तो 83 हो गई है, आप कब रुकेंगे। अब आप हमें आशीर्वाद दीजिए।'












Click it and Unblock the Notifications