महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद पर पवार की पार्टी ने ठोकी दावेदारी, NCP नेता बोले अगला CM हमारा
औरंगाबाद, 5 जून: एनसीपी सुप्रीमो शरद पवार की पार्टी ने महाराष्ट्र के अगले मुख्यमंत्री की कुर्सी पर अभी से दावेदारी ठोक दी है। पार्टी के नेता और कैबिनेट मंत्री धनंजय मुंडे ने कहा है कि प्रदेश में अगला मुख्यमंत्री उन्हीं के दल से होगा। गौरतलब है कि महाराष्ट्र में अभी महा विकास अघाड़ी की सरकार है, जिसकी अगुवाई सीएम उद्धव ठाकरे कर रहे हैं और कांग्रेस के अलावा एनसीपी उनके सरकार में शामिल है। लेकिन, मुंडे का ताजा बयान और वह भी राज्यसभा चुनावों से चंद दिनों पहले प्रदेश की राजनीति में नया संकेत दे रहा है और लगता है कि गठबंधन के अंदर कुछ न खुछ खींचतान चल रही है।

अगला मुख्यमंत्री एनसीपी का- धनंजय मुंडे
एनसीपी नेता धनंजय मुंडे ने कहा है कि महराष्ट्र में अगला मुख्यमंत्री शरद पवार की पार्टी का होगा। राज्य के परभणी कस्बे में एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुंडे ने कहा कि उनकी कोशिशों की वजह से शिवसेना की अगुवाई वाले मौजूदा एमवीए गठबंधन की सरकार में सामाजिक न्याय विभाग प्रतिष्ठित बन चुका है। उन्होंने कहा, 'अगर कल को यह सवाल उठता है कि सामाजिक न्याय विभाग का पोर्टफोलियो किसे दिया जाए....जो भी अगला मुख्यमंत्री होगा.......और सीएम सिर्फ हमारी (एनसीपी) पार्टी का होगा। सीएम कहेगा कि सामाजिक न्याय का पोर्टफोलियो हमारे पास (एनसीपी के पास) ही रहेगा। इस विभाग ने इतनी ज्यादा प्रतिष्ठा कायम की है।'
उद्धव ठाकरे की सरकार बनाने में पवार का 'पावरफुल' रोल
पिछले महीने ही महा विकास अघाड़ी की सरकार ने सत्ता में ढाई साल पूरे किए हैं और उद्धव ठाकरे की अगुवाई वाली सरकार बनाने में एनसीपी और उसके सर्वेसर्वा शरद पवार ने ही सबसे अहम रोल अदा किया है। पवार के प्रभाव के चलते ही कांग्रेस और शिवसेना के बीच भी गठबंधन संभव हुआ है। प्रदेश के सामाजिक न्याय और स्पेशल एसिस्टेंस विभाग के मंत्री और परली सीट से एमएलए मुंडे का यह भी कहना है कि पहले महाराष्ट्र विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष के रूप में भी उन्होंने काफी प्रभावी तरीके से काम किया था।
उद्धव सरकार में मुख्यमंत्री के बाद कई अहम विभाग एनसीपी के पास हैं, जिनमें वित्त विभाग और गृह विभाग भी एनसीपी के पास है। अजीत पवार उपमुख्यमंत्री हैं और वित्त विभाग भी उन्हीं के पास है। धनंजय मुंडे ने ये भी कहा है कि 'पहले एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने मुझे विपक्ष का नेता नियुक्त किया गया था। (विधान परिषद में) चाहे जितनी भी स्थिर और शक्तिशाली रही हो, मैंने सरकार को हिला दिया था।'












Click it and Unblock the Notifications