Maharashtra में मिली बड़ी कामयाबी, वेणुगोपाल समेत 60 नक्सलियों ने सीएम फडणवीस के सामने किया समर्पण
Maharashtra News: महाराष्ट्र में नक्सलियों के खिलाफ बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। गढ़चिरौली में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की उपस्थिति में 61 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर दिया है। इनमें माओवादी संगठन के सबसे प्रभावशाली रणनीतिकारों में से एक माने जाने वाले शीर्ष नक्सली नेता मल्लोजुला वेणुगोपाल राव उर्फ भूपति भी शामिल थे। इस दौरान सीएम फडणवीस ने भूपति को भारत के संविधान की एक प्रति भेंट की।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि तेलंगाना के मूल निवासी भूपति पर ₹6 करोड़ का इनाम घोषित था। वह प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) की केंद्रीय समिति और पोलित ब्यूरो के सदस्य भी रहे हैं। भूपति ने सोमवार को गढ़चिरौली जिले में 60 अन्य नक्सलियों के साथ पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया।

पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि वेणुगोपाल 21 मई को छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बलों द्वारा नंबाला केशव राव उर्फ बसवाराजू की हत्या के बाद भाकपा (माओवादी) का महासचिव बनने वाले थे। हालांकि, बसवाराजू की मौत के बाद संगठन में मतभेद उभर आए।
वेणुगोपाल भाकपा (माओवादी) के बेहद प्रभावशाली नेता थे और सामान्य परिस्थितियों में महासचिव बन सकते थे। लेकिन, बसवाराजू की मृत्यु के बाद वे पुनर्गठित होने या किसी और को महासचिव चुनने की स्थिति में नहीं थे।
वेणुगोपाल ने इस बात पर जोर दिया कि अब सरकारी बलों से लड़ने के बजाय कुछ समय के लिए लड़ाई बंद करने का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि शीर्ष माओवादी नेतृत्व सशस्त्र संघर्ष रोकने और बातचीत करने या अपनी पूरी रणनीति पर पुनर्विचार करने के पक्ष में है।
अधिकारी ने आगे बताया, "इतने ऊंचे पद पर बैठा व्यक्ति स्वास्थ्य या किसी अन्य कारण से नहीं, बल्कि वैचारिक कारणों से आत्मसमर्पण कर रहा है। यह दर्शाता है कि संघर्ष की उनकी रणनीति पार्टी की विचारधारा और रणनीति की स्पष्ट विफलता है।"
उन्होंने यह भी कहा, "हो सकता है कि कुछ और लोग हों, लेकिन मुझे नहीं लगता कि वे अब आंदोलन या विचारधारा को बनाए रख पाएंगे। यह माओवादी विचारधारा के लिए एक करारा झटका है।"












Click it and Unblock the Notifications