Sharad Pawar: न टायर्ड हूं, न रिटायर्ड हूं... वाजपेयी के शब्दों से शरद पवार का भतीजे पर पलटवार
Sharad Pawar on Retirement: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के अध्यक्ष शरद पवार ने अपने भतीजे अजित पवार के रिटायर वाले बयान पर तंज कसा है और कहा है कि वह 82 साल की उम्र में भी काम कर सकते हैं, क्योंकि पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनसे काम जारी रखने का अनुरोध किया था। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के शब्दों को दोहराते हुए कहा कि 'ना मैं अभी टायर्ड हूं और न ही रिटायर्ड हूं'
इंडिया टुडे से बात करते हुए शरद पवार की यह टिप्पणी अजित पवार के उस बयान के कुछ दिन बाद आई है जिसमें उन्होंने कहा था कि अब समय आ गया है कि उनके चाचा सेवानिवृत्त हो जाएं और राकांपा की कमान उन्हें सौंप दें। बता दें कि पिछले हफ्ते अजित पवार ने शरद पवार के खिलाफ बगावत कर दी थी और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र सरकार में शामिल हो गए।

मेरी नियुक्ति अवैध तो प्रफुल्ल की नियुक्ति भी अवैध
इसके अलावा शरद पवार (Sharad Pawar) ने कहा कि यदि पार्टी के अध्यक्ष के रूप में मेरी नियुक्ति अवैध है, तो प्रफुल्ल पटेल और अन्य की तरह की गई सभी नियुक्तियां अवैध हैं। शरद पवार ने कहा कि वह प्रफुल्ल पटेल ही थे जिन्होंने अध्यक्ष पद के लिए मेरा नाम आगे रखा था और मुझे दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में सर्वसम्मति से चुना गया। अजित, भुजबल और प्रफुल्ल द्वारा मुझ पर जो व्यक्तिगत हमले किए जा रहे हैं वह भाजपा के इशारे पर किए जा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications