Mumbai weather: नवरात्रि उत्सव पर बारिश का साया, मुंबई वालों को कब मिलेगी राहत? लोकल ट्रेनों की जानिए स्थिति
Mumbai Weather: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें गरज के साथ बिजली चमकने और भारी बारिश की संभावना जताई थी। खासतौर पर, मुंबई, ठाणे, नवी मुंबई, रायगढ़, रत्नागिरी, पालघर और सिंधुदुर्ग जिलों में दिनभर तेज बारिश होने की संभावना जताई गई थी। हालांकि मुंबई में सोमवार को जहां लोगों को तेज बारिश के कारण खासी मुसीबतों का सामना करना पड़ा, वहीं मंगलवार को शाम तक हल्की बारिश हुई।
मुंबई में नवरात्रि का उत्सव धूमधाम से मनाया जाता है, जगह-जगह डांडिया कार्यक्रम का आयोजन किया गया है लेकिन इस बारिश ने उत्सव के रंग में भंग डाल दिया है। जानिए आखिर कब तक होगी बारिश और इस बारिश के चलते मुंबई की लाइफ लाइन मानी जाने वाली लोकल ट्रेनों पर क्या असर पड़ा है?

गौरतलब है कि सोमवार को हुई तेज बारिश के चलते वीरा देसाई रोड और निचले अंधेरी सबवे जैसे हमेशा जलभराव वाले इलाकों में पानी भर गया। इसके अलावा शहर के अन्य हिस्सों में जलभराव के कारण आवागमन प्रभावित रहा।
मुंबई की लोकल ट्रेनें, जिन्हें शहर की जीवनरेखा कहा जाता है, भी बारिश से प्रभावित हुई हैं। सोमवार को सेंट्रल और हार्बर लाइनों पर सेवाओं में 10 से 15 मिनट की देरी हुई, जिससे यात्रियों को लंबी प्रतीक्षा और भीड़भाड़ वाले प्लेटफॉर्म का सामना करना पड़ा।
मुंबई लोकल ट्रेनों का जानिए क्या है स्टेटस?
वहीं मंगलवार को भी ट्रेनों को संचालन प्रभावित रहा। मुंबई के सभी रूट की ट्रेनें देरी से संचालित हो रही हैं। जिसके चलते यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
- सीएसएमटी- कल्याण रूट की फास्ट लोकल ट्रेनें 8 मिनट देरी से चल रही हैं और स्लो ट्रेनें 14 मिनट देरी से संचालित हो रही हैं।
- कल्याण-सीएसएमटी रूट की फास्ट लोकल ट्रेनें 18 मिनट देरी से चल रही हैं और स्लो ट्रेनें 9 मिनट देरी से चल रही हैं।
- सीएचजी-विहार रूट की फास्ट ट्रेनें 7 मिनट देरी से चल रही हैं और स्लो ट्रेनें 5 मिनट देरी से संचालित हो रही हैं।
- विहार-सीएचजी की फास्ट ट्रेन पांच मिनट देरी से चल रही है ओर स्लो ट्रेनें भी 5 मिनट देरी से संचालित हो रही है।
मुंबई में इस सप्ताह कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग ने 26 सितंबर तक मुंबई समेत अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की भविष्यवाणी की है। आने वाले दिनों में शहर में अलग-अलग मौसम की स्थिति देखने को मिल सकती है।
- 24 सितंबर को आमतौर पर बादल छाए रहेंगे, मध्यम बारिश होगी और कोई चेतावनी नहीं है। 25 सितंबर को भी बादल छाए रहने की उम्मीद है, तापमान 30 डिग्री सेल्सियस (अधिकतम) और 24 डिग्री सेल्सियस (न्यूनतम) रहेगा।
- 26 सितंबर को आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और भारी बारिश का अनुमान है। 27 सितंबर को मध्यम बारिश होगी, जिसके लिए कोई चेतावनी नहीं है। 28 सितंबर को मध्यम बारिश का एक और दौर आने की संभावना है, लेकिन इसके लिए भी कोई आधिकारिक चेतावनी जारी नहीं की गई है।
- मुंबईकर आने वाले दिनों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ थोड़ी राहत की उम्मीद कर सकते हैं, इससे पहले कि सप्ताह के अंत में भारी बारिश फिर से शुरू हो।












Click it and Unblock the Notifications