Mumbai Rain: 'कॉलोनियां डूबीं, बोट से रेस्क्यू किए जा रहे लोग', भारी बारिश से बेहाल मुंबई-पुणे, Red Alert जारी
Mumbai Rain Alert: महाराष्ट्र के कई शहरों में मूसलाधार बारिश का कहर जारी है। मुंबई, पुणे, पालघर समेत कई शहरों में हालात बदतर हो गए हैं। मुंबई और पुणे में बुधवार रात से लगातार बारिश हो रही है, जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्त व्यस्त हो गया है।
कलिना एयरपोर्ट कॉलोनी, APMC मार्केट समेत कई इलाकों में घुटनों तक जलभराव हो गया। घरों से लेकर सड़कों तक, हर तरफ पानी ही पानी नजर आ रहा है। पुणे में NDRF की तीन टीमें तैनात की गईं, जिनमें से 2 टीमें एकता नगर और सिंहगढ़ रोड में और एक टीम वरजे में तैनात की गई।

बृहन्मुंबई नगर निगम ने बताया कि लगातार भारी बारिश से मुंबई क्षेत्र में पानी की आपूर्ति करने वाली विहार झील तड़के 3.50 बजे से ओवरफ्लो होने लगी, जिससे आसपास के इलाकों में जलभराव हो गया। कुछ इलाकों में तो स्थिति ऐसी हो गई है कि लोगों को नावों के माध्यम से निकाला जा रहा है। इसी बीच मौसम विभाग ने मुंबई, पुणे में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है।
मुंबई-पुणे बारिश से बेहाल
मुंबई पुणे में लगातार हो रही बारिश से निचले इलाके डूबने की स्थिति में है। करीब 15 सोसाइटी में पानी घुस चुका है। निचले इलाकों में लोगों के घेरों में जलभराव हो गया है। वहीं, सड़को से लेकर ट्रेन की पटरियां तक पानी में डूब चुकी हैं, जिससे यातायात पर भी बुरा असर पड़ा है।
भारी बारिश के चलते कई जगहों पर स्कूलों की छुट्टी कर दी गई। मुंबई में भारी बारिश के बाद हुए जलभराव के कारण अंधेरी सबवे भी बंद कर दिया गया है। इसी तरह वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर यातायात बाधित रहा।
फंसे लोगों को निकलाने में नाव का सहारा
रिपोर्ट्स के अनुसार, पुणे में भारी बारिश के कारण शहर में जगह-जगह पानी भर गया है। नदी किनारे हाउसिंग सोसायटी, सिंहगढ़ रोड इलाके की 15 सोसायटी में पानी घुस जाने से हजारों लोग फंस गए हैं। लोगों को निकालने के लिए दमकल विभाग के कर्मचारी जुट हुए हैं।
जहां ज्यादा पानी भर चुका है, वहां नावों के सहारे लोगों को निकाला जा रहा है। वहीं, पालघर में मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट जारी करने के बाद गुरुवार को सभी स्कूल और कॉलेज बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
अभी कम नहीं होगी आफत
कुदरत की मार झेल रहे मुंबई और पुणे के लिए अभी राहत की खबर नहीं है। मौसम विभाग ने गुरुवार को पूर्वानुमान जारी किया है, जिसमें अगले 3-4 घंटों के दौरान मुंबई के जिलों में अलग-अलग स्थानों पर 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से तेज़ हवाएं चलने के साथ मध्यम से तीव्र बारिश होने की संभावना है।
इसी तरह पुणे में भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, पालघर में मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।












Click it and Unblock the Notifications