Mumbai Rain: मुंबई में भारी बारिश का कहर: लोकल ट्रैक डूबे, फ्लाइट्स लेट, IMD ने जारी किया रेड अलर्ट
Mumbai Rain Latest Updates: मुंबई ने शनिवार सुबह तेज बारिश के साथ दिन की शुरुआत की। लगातार हो रही बारिश से कई इलाकों में पानी भर गया है, जिससे सड़कों पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। लोगों को कम विजिबिलिटी और घुटनों तक पानी में चलकर सफर करना पड़ा। इस बीच IDM के लेटेस्ट अपडेट ने मुंबई वासियों की चिंता और बढ़ा दी है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, मुंबई में अगले 3-4 घंटों के दौरान रत्नागिरी, रायगढ़, मुंबई शहर, मुंबई उपनगर, ठाणे, पालघर जिलों में अलग-अलग स्थानों पर मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है।

रेलवे ट्रैक डूबे, लोकल सेवाएं प्रभावित
दादर और बांद्रा स्टेशनों पर रेलवे ट्रैक पानी में डूब गए। हार्बर लाइन पर तिलक नगर और कुर्ला के बीच जलभराव के कारण लोकल ट्रेनों की आवाजाही धीमी हो गई। यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
IMD ने जारी किया रेड अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शुक्रवार को जारी ऑरेंज अलर्ट को बढ़ाकर शनिवार को रेड अलर्ट कर दिया। मुंबई पुलिस ने भी लोगों से अपील की है कि जब तक बहुत जरूरी न हो, तब तक घरों से बाहर न निकलें। पुलिस ने चेतावनी देते हुए कहा-'कई जगहों पर जलभराव और विजिबिलिटी कम है। गैर-जरूरी यात्रा से बचें।
फ्लाइट ऑपरेशंस पर असर, रनवे और टैक्सीवे पर भरा पानी
मुंबई एयरपोर्ट पर लगातार बारिश से रनवे और टैक्सीवे पर पानी भर गया, जिससे कई उड़ानों में देरी हुई। यात्रियों को मुश्किलें झेलनी पड़ीं और एयरलाइंस को अलर्ट जारी करना पड़ा। इंडिगो ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे घर से निकलने से पहले वेबसाइट या ऐप पर अपनी फ्लाइट स्टेटस चेक करें और ट्रैफिक व जलभराव को देखते हुए अतिरिक्त समय लेकर एयरपोर्ट पहुंचे।
विक्रोली में भूस्खलन, दो की मौत
इस बीच विक्रोली (पश्चिम) के जनकल्याण सोसायटी क्षेत्र में भूस्खलन की घटना हुई, जिसमें 2 लोगों की मौत हो गई और 2 लोग घायल हुए। राहत कार्य जारी है।
रिकॉर्ड तोड़ बारिश
बीएमसी के अनुसार, 15 अगस्त सुबह 8:30 बजे से 16 अगस्त सुबह 5:30 बजे तक विक्रोली में 248.5 मिमी, सांताक्रूज में 232.5 मिमी, सायन में 221 मिमी, जुहू में 208 मिमी, बांद्रा में 173 मिमी, बायकुला में 158.5 मिमी और कोलाबा में 70.4 मिमी बारिश दर्ज की गई।












Click it and Unblock the Notifications