Mumbai Traffic: Lionel Messi की एंट्री से पहले मुंबई पुलिस अलर्ट, ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, ये रास्ते रहेंगे बंद
Mumbai Police, Lionel Messi Tour: आज कुछ समय के लिए मुंबई थमने वाली है! फुटबॉल के महान खिलाड़ी लियोनेल मेसी (Lionel Messi) मुंबई पहुंच रहे हैं। स्टार फुटबॉलर की एक झलक पाने के लिए आज शहर का दिल यानी दक्षिण मुंबई बेताब है। 'GOAT इंडिया टूर' के तहत हो रहे इस विशाल इवेंट में फैंस की भीड़ उमड़ने की आशंका है।
इसी दीवानगी को देखते हुए, मुंबई पुलिस ने आज दोपहर 12 बजे से रात 11 बजे तक के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी कर दी है। अगर आप मरीन ड्राइव या उसके आसपास जाने की सोच रहे हैं, तो ये ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर चेक कर लें, क्योंकि इन 12 घंटों में मुंबई की सड़कें जाम और पाबंदियों के घेरे में रहेंगी।

सार्वजनिक परिवहन के उपयोग की अपील
ट्रैफिक पुलिस ने जनता से अनुरोध किया है कि वे इस दौरान सड़कों पर भीड़ कम करने के लिए स्थानीय ट्रेन और मेट्रो जैसे सार्वजनिक परिवहन साधनों का अधिक उपयोग करें। मेसी के फैंस की बड़ी संख्या को देखते हुए शहर के कई प्रमुख मार्गों पर रोड डायवर्जन और पार्किंग प्रतिबंध लागू किए गए हैं।
पार्किंग और रोड पाबंदियां (Full Details):
मेसी इवेंट के कारण वानखेड़े और ब्रेबॉर्न स्टेडियम के आसपास पार्किंग की अनुमति नहीं होगी। निम्नलिखित सड़कों पर भी पार्किंग प्रतिबंध लागू रहेंगे:
- सी रोड, डी रोड, ई रोड, एफ रोड, जी रोड
- एन.एस. रोड (दोनों दिशाओं में)
- वीर नरीमन रोड, दिनशॉ वाचा रोड और जमशेदजी टाटा रोड
- वीर नरीमन रोड और दिनशॉ वाचा रोड पर पे-एंड-पार्क सुविधाएँ भी अस्थायी रूप से निलंबित रहेंगी।
ट्रैफिक में बदलाव और वन-वे नियम:
कई सड़कों पर एकतरफा ट्रैफिक नियम लागू किए जाएंगे:
- डी रोड: एन.एस. रोड से ई एंड सी रोड जंक्शन तक पश्चिम से पूर्व की ओर एकतरफा यातायात।
- ई रोड: डी रोड से सी रोड जंक्शन तक दक्षिण दिशा में एकतरफा यातायात।
- वीर नरीमन रोड (दक्षिण दिशा): चर्चगेट जंक्शन से ई रोड तक सीमित पहुंच।
कोस्टल रोड पर भी असर:
मेसी टूर के कारण निम्नलिखित सड़कों पर भी यातायात प्रभावित रहेगा:
- चंद्र बोस रोड (उत्तर दिशा): नेताजी सुभाष एयर इंडिया जंक्शन से मफतलाल जंक्शन तक।
- कोस्टल रोड (दक्षिण दिशा): वर्ली/तारदेव से मरीन ड्राइव तक।
- कोस्टल रोड (उत्तर दिशा): मरीन ड्राइव से वर्ली/तारदेव तक।
कोलकाता इवेंट में मची थी भारी भगदड़
मुंबई में यह सख्त पाबंदियां इसलिए भी महत्वपूर्ण हैं क्योंकि अर्जेंटीना के इस दिग्गज खिलाड़ी के 'GOAT इंडिया टूर 2025' के पहले स्टेज में कोलकाता के साल्ट लेक स्टेडियम में भारी अव्यवस्था देखने को मिली थी। मेसी के मैदान पर कम समय के लिए दिखने से नाराज फैंस ने बोतलें फेंकनी शुरू कर दी थीं और स्टैंड के गेट तोड़ने की कोशिश की थी।
8 बार के बैलन डी'ओर विजेता के नाराज फैंस ने खराब इवेंट मैनेजमेंट का आरोप लगाते हुए तोड़फोड़ की थी। फैंस ने वीआईपी और राजनेताओं पर मेसी के समय को 'हड़पने' का आरोप लगाया था, जिसके चलते आम दर्शकों को मेसी की एक झलक भी नहीं मिल पाई थी।
इस हंगामे के बाद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को मेसी और फैंस से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी पड़ी थी। बंगाल के राज्यपाल सी.वी. आनंद बोस ने भी घटना पर टिप्पणी करते हुए कहा था कि आयोजक को गिरफ्तार कर लिया गया है। मुंबई पुलिस अब कोलकाता की घटना से सबक लेते हुए किसी भी तरह के अव्यवस्था से बचने के लिए कमर कस चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications