Mumbai Murder: दरवाजा खुलते ही दिखा था इतना भयानक मंजर, पुलिसवालों ने कर दी थी उल्टी
सरस्वती वैद्य की हत्या के बाद आरोपी मनोज साने के घर भयानक मंजर था। उसे देखकर पुलिसवालों ने भी उल्टी कर दी थी।

मुंबई में हुए सरस्वती मर्डर केस के बारे में सुनकर पूरी दुनिया हैरान है। इस केस में लगे पुलिसकर्मियों के मुताबिक उन्होंने इतनी भयानक घटना कभी नहीं देखी। जब पहली बार उनकी टीम आरोपी मनोज साने के घर में घुसी थी, तो कई जवानों ने वहां का मंजर देखकर उल्टी कर दी।
मनोज साने के पड़ोसी सोमेश श्रीवास्तव के मुताबिक वो उसके बारे में नहीं जानते थे। वो दोनों किसी से बात नहीं करते। बुधवार को जब बदबू ज्यादा बढ़ गई थी, तो उन्होंने पुलिस को खबर दी। जिस पर पुलिस ने दरवाजा तोड़ा और अंदर घुसी।
अंदर का मंजर इतना भयानक था कि उसे देख कुछ पुलिसकर्मियों ने उल्टी कर दी। वहां पर चारों ओर मानव अंग बिखरे पड़े थे। कुछ को रसोई में रखे बर्तन में उबाला गया, जबकि कुछ को भुनने की कोशिश की गई।
वहीं दूसरी ओर आरोपी साने अलग-अलग तरह के बयान दे रहा है। उसने पहले दावा किया कि सरस्वती ने जहर खाया और मर गई। वो घबरा गया था, ऐसे में उसने शव को डीजल से चलने वाली आरी से काट दिया। वैसे तो दोनों लिव इन में रहते थे, लेकिन अब आरोपी ने दावा किया कि सरस्वती उसकी बेटी की तरह थी।
आरोपी के मुताबिक उसको शव काटने का आइडिया श्रद्धा वाकर केस से मिला था। इस वजह से उसके पूरे फ्लैट में काली पॉलीथिन पड़ी मिली। उसको बदबू फैलने का डर सता रहा था, ऐसे में उसने खूब रूम फ्रेशनर छिड़का। साथ ही शव को काटकर उबाला।
पड़ोसियों को लग रहा था कि उसके मकान में मरा हुआ चूहा पड़ा है। इस वजह से उन्होंने ज्यादा ध्यान नहीं दिया। मंगलवार को भी गंध तेज थी। एक पड़ोसी ने लिफ्ट में साने से इस बारे में बोला भी। जिस पर उसने कहा कि काम से लौटकर वो इसे देखेगा।
वहीं बुधवार को उसका पड़ोसी सोमेश श्रीवास्तव उसके दरवाजे पर पहुंचा और आवाज दी। इस दौरान उन्होंने उसे रूम फ्रेशनर का इस्तेमाल करते हुए सुना। जब उसने दरवाजा नहीं खोला, तो उन्होंने पुलिस को फोन किया। पड़ोसियों के मुताबिक पुलिस ने जब साने को लिफ्ट में पकड़ा तो उसने भागने की कोशिश की थी।












Click it and Unblock the Notifications