Mumbai Metro Update: इस साल मुंबई को मिलेगी मेट्रो की रफ्तार, इन रूट पर अगले कुछ महीनों में दौड़ेगी ट्रेन
Mumbai Metro Update: मुंबईकर के लिए मेट्रो सुविधाजनक सफर का विकल्प बन गया है। साल 2026 में लोगों को मेट्रो से सफर के लिहाज से बड़ी राहत मिलनेवाली है। मेट्रो नेटवर्क का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। साल 2026 में मुंबई और उसके उपनगरों को कई नई मेट्रो कनेक्टिविटी मिलने वाली है, जिससे लाखों यात्रियों को राहत मिलेगी। अलग-अलग मेट्रो लाइनों के कई हिस्से या तो तैयार हो चुके हैं या अंतिम चरण में हैं। आने वाले कुछ महीनों में इसे यात्रियों के लिए खोल दिया जाएगा।
मेट्रो लाइन 9 का फेज-1 शहर की कनेक्टिविटी में मील का पत्थर बन सकता है। यह लाइन मौजूदा मेट्रो लाइन 7 को दहिसर ईस्ट से मीरा-भायंदर तक आगे बढ़ाती है। दिसंबर से इस रूट पर सेफ्टी चेक शुरू हो चुके हैं और अब जनवरी 2026 तक इसके चालू होने की संभावना है।

Mumbai Metro Update: इसी साल शुरू होंगे कई रूट
- मेट्रो लाइन 9 के फेज-1 शुरू होते ही मीरा-भायंदर के यात्रियों को लाइन 7, 2A, 1 और 3 से बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
- करीब 4.5 किलोमीटर लंबे इस सेक्शन में चार स्टेशन शामिल हैं, जो भायंदर में सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम तक जाते हैं।
- मेट्रो लाइन 2B भी मुंबई के ईस्ट-वेस्ट कनेक्टिविटी को मजबूत करेगी। यह लाइन डीएन नगर से शुरू होकर बांद्रा, कुर्ला, चेंबूर होते हुए मानखुर्द तक जाएगी। इस लाइन के कुछ स्टेशन तैयार हैं और उन पर सेफ्टी ट्रायल चल रहा है।
- लाइन 2B का दूसरा चरण मध्य-2026 तक शुरू होने की उम्मीद है, जिससे उपनगरों में यात्रा का समय काफी कम होगा।
- इसके अलावा मेट्रो लाइन 4 और 4A प्रोजेक्ट के जरिए ठाणे और मुंबई के बीच सीधा संपर्क मजबूत होगा।
- कैडबरी जंक्शन से गायमुख तक करीब 10.5 किलोमीटर का पहला चरण 2026 में शुरू होने की संभावना है। डिजाइन से जुड़ी कुछ देरी के बावजूद प्रोजेक्ट पर काम तेजी से चल रहा है।
Mumbai Metro News: मेट्रो लाइन-6 भी इसी साल से ऑपरेशन में
मेट्रो लाइन 6, जो जोगेश्वरी-विखरोली लिंक रोड के साथ चलेगी, भी 2026 के मध्य तक पूरी तरह चालू होने का लक्ष्य रखती है। यह लाइन अंधेरी, साकी विहार रोड, पवई और कांजुरमार्ग जैसे अहम इलाकों से गुजरेगी। इन सभी परियोजनाओं के पूरा होने के बाद मुंबई में ट्रैफिक का दबाव कम होगा और मेट्रो शहर की लाइफलाइन के रूप में और मजबूत होकर उभरेगी।












Click it and Unblock the Notifications