Mumbai Metro Update: नए साल में मुंबईकरों को बड़ी राहत, शुरू होंगे 2 नए मेट्रो रूट
Mumbai Metro Update: मुंबई मेट्रो नेटवर्क का लगातार विस्तार हो हा है। इसी कड़ी में मेट्रो लाइन 2B और मेट्रो लाइन 9 के पहले चरण की शुरुआत की तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है। इन दोनों नई मेट्रो लाइनों के चालू होने से शहर के पूर्व और पश्चिम उपनगरों में यात्रा करना पहले से कहीं ज्यादा आसान और तेज हो जाएगा। मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (MMRDA) की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, इन दोनों मेट्रो रूट्स पर तकनीकी परीक्षण और सुरक्षा जांच अंतिम चरण में हैं।
एमएमआरडीए की ओर से दी जानकारी के मुताबिक, अगर सब कुछ तय कार्यक्रम के अनुसार रहा, तो नए साल में मुंबईकरों को इन दो नई मेट्रो लाइनों की सौगात मिल सकती है। हालांकि, मुंबई महानगरपालिका चुनाव के चलते आचार संहिता लागू है। इसलिए औपचारिक उद्घाटन में देरी हो सकती है, लेकिन मेट्रो सेवाएं शुरू किए जाने की संभावना बनी हुई है।

Mumbai Metro Update: मांडले-चेंबूर मेट्रो लाइन (मेट्रो 2B - पहला चरण)
- मुंबई मेट्रो की लाइन 2B का पहला चरण मांडले से चेंबूर के बीच शुरू किया जाएगा। लगभग 5.3 किलोमीटर लंबा यह एलिवेटेड मेट्रो रूट पूर्वी उपनगरों के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।
- फिलहाल इस इलाके में ट्रैफिक जाम की वजह से यात्रियों को लंबा समय लग जाता है, लेकिन मेट्रो शुरू होने के बाद सफर कुछ ही मिनटों में पूरा किया जा सकेगा।
- इस रूट से मानखुर्द, गोवंडी और चेंबूर जैसे इलाकों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
Mumbai Metro News: दहिसर-काशीगांव मेट्रो लाइन (मेट्रो 9 - पहला चरण)
- मेट्रो लाइन 9 का पहला चरण दहिसर पूर्व से काशीगांव तक शुरू किया जाएगा। करीब 13.58 किलोमीटर लंबी यह मेट्रो लाइन मीरा-भायंदर क्षेत्र को सीधे मुंबई मेट्रो नेटवर्क से जोड़ेगी।
- इससे रोजाना मुंबई आने-जाने वाले हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी और सड़क यातायात पर दबाव भी कम होगा।
Mumbai Metro: स्टेशन और कनेक्टिविटी डिटेल
मेट्रो लाइन 2B के पहले चरण में मांडले, मानखुर्द, बीएसएनएल गोवंडी, शिवाजी चौक चेंबूर और डायमंड गार्डन चेंबूर जैसे स्टेशन शामिल होंगे। वहीं मेट्रो लाइन 9 के पहले चरण में दहिसर पूर्व, पांडुरंगवाड़ी, मीरागांव और काशीगांव स्टेशन प्रस्तावित हैं। इन दोनों मेट्रो लाइनों के शुरू होने से मुंबई का मेट्रो नेटवर्क और मजबूत होगा। डीएन नगर पर मेट्रो लाइन 1 से कनेक्शन मिलेगा, जबकि चेंबूर क्षेत्र में मोनोरेल और अन्य मेट्रो लाइनों से इंटरचेंज की सुविधा भी उपलब्ध होगी। आने वाले समय में मेट्रो लाइन 8 (एयरपोर्ट मेट्रो) से जुड़ने की योजना भी है।












Click it and Unblock the Notifications