Mumbai Local Train: मुंबई लोकल ट्रेन के इस रूट पर रविवार को रहेगा मेगा ब्लॉक, चेक करें शेड्यूल
Mumbai Local Train: मुंबई में स्थानीय ट्रेन यात्रियों को इस रविवार कुछ असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। उपनगरीय रेलवे मार्गों के रखरखाव और इंजीनियरिंग कार्यों के लिए मध्य, हार्बर और पश्चिम रेलवे लाइनों पर मेगाब्लॉक घोषित किया गया है। रेलवे प्रशासन ने रविवार, 3 अगस्त के लिए विस्तरित समय-सारणी जारी की है, जिससे यात्री अपनी यात्रा की योजना पहले से बना सकें।
मध्य रेलवे पर माटुंगा से मुलुंड के बीच अप और डाउन फास्ट लाइनों पर सुबह 11:05 बजे से दोपहर 3:45 बजे तक मेगाब्लॉक रहेगा। इस अवधि के दौरान, फास्ट लोकल ट्रेनों को धीमी लाइनों पर डायवर्ट किया जाएगा। इसके परिणामस्वरूप, यात्रा में लगभग 15 मिनट की देरी होने की संभावना है, जिससे यात्रियों को अतिरिक्त समय लेकर चलने की सलाह दी गई है।

हार्बर रेलवे पर कुर्ला और वाशी के बीच अप और डाउन लाइनों पर सुबह 11:10 बजे से शाम 4:10 बजे तक मेगाब्लॉक रहेगा। इस दौरान, कुर्ला से वाशी के बीच लोकल ट्रेन सेवा निलंबित रहेगी। यात्रियों की सुविधा के लिए, सीएसएमटी से कुर्ला और वाशी से पनवेल के बीच विशेष लोकल ट्रेनें चलाई जाएंगी। इसके अलावा, सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक ट्रांस-हार्बर मार्ग (ठाणे से वाशी/नेरुल) का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा।
पश्चिम रेलवे ने चर्चगेट से मुंबई सेंट्रल के बीच अप और डाउन फास्ट लाइनों पर सुबह 10:35 बजे से दोपहर 3:35 बजे तक मेगाब्लॉक की घोषणा की है। इस दौरान भी, फास्ट लोकल ट्रेनें धीमी लाइनों पर चलाई जाएंगी। कुछ उपनगरीय लोकल सेवाएं रद्द कर दी गई हैं, जबकि चर्चगेट की ओर जाने वाली कुछ लोकल बांद्रा या दादर तक ही संचालित होंगी और वहीं से वापस लौटेंगी।












Click it and Unblock the Notifications