Mumbai local train: ट्रेन में नियम तोड़ने वालों की खैर नहीं, 12 दिन में इन अपराधों के तहत पकड़े गए 1600 लोग
Mumbai Local train: मुंबई लोकल ट्रेन में यात्रियों की यात्रा सुरक्षित और आरामदायक हो इसको लेकर इंडियन रेलवे अहम कदम उठा रही है। इसी के तहत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) बोरीवली ने मुंबई की लोकल रेलवे लाइन पर 9 जुलाई से 20 जुलाई, 2025 तक 12 दिनों का एक विशेष अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान कुल 1,637 अपराधियों को पकड़ा गया।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ट्रेन डिब्बों के दुरुपयोग को नियंत्रित करना और नियमों का पालन सुनिश्चित करना था। यह अभियान विशेष रूप से चर्चगेट-विरार मार्ग पर केंद्रित था और इसका नेतृत्व सहायक उप-निरीक्षक धर्मवीर सिंह और उप-निरीक्षक संतोष सोनी ने किया।

1,393 लोगों को पकड़ा गया
नियमित प्रवर्तन अभियान के दौरान कुल 1,393 लोगों को पकड़ा गया, जिनमें अनधिकृत फेरीवाले, किन्नर और महिलाओं तथा विकलांग व्यक्तियों के लिए आरक्षित डिब्बों में यात्रा करने वाले लोग शामिल थे। सयाजी नगरी एक्सप्रेस पर एक विशेष छापे में 244 अन्य लोग पकड़े गए, जिनमें ज्यादातर फेरीवाले और किन्नर थे।
34 किन्नर, 288 फेरीवालों को भी पकड़ा गया
अभियान के दौरान, 34 किन्नर गैर-एसी लोकल ट्रेनों के अंदर पाए गए, जो नियमों का उल्लंघन करके यात्रा कर रहे थे। इसके अतिरिक्त गैर-एसी डिब्बों में 288 फेरीवालों को भी पकड़ा गया। एसी लोकल ट्रेनों में, आरपीएफ ने बिना अनुमति के यात्रा कर रहे 66 किन्नरों और 10 फेरीवालों को पकड़ा।
विकलांगों का डिब्बों में पकड़े गए 889
विकलांग व्यक्तियों के लिए आरक्षित डिब्बों का दुरुपयोग करने के आरोप में 889 लोगों को पकड़ा गया। 80 अन्य लोग बिना अनुमति के महिलाओं के डिब्बों में पाए गए। रेलवे संपत्ति पर अतिक्रमण करने के आरोप में चौदह लोगों को पकड़ा गया।
'नन्हे फरिश्ते' पहल के तहत बचाए गए बच्चे
आरपीएफ ने इस अभियान के दौरान अपने बाल संरक्षण कार्य को भी जारी रखा। 'नन्हे फरिश्ते' पहल के तहत, रेलवे स्टेशनों पर असुरक्षित परिस्थितियों में पाए गए बच्चों को बचाया गया। पकड़े गए सभी 1,637 अपराधियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने सभी यात्रियों से नियमों का पालन करने और आरक्षित डिब्बों का सम्मान करने का आग्रह किया। आरपीएफ ने यह भी कहा कि वह भविष्य में भी इसी तरह के अभियान जारी रखेगा।












Click it and Unblock the Notifications