Mumbai local train: खुशखबरी, इसी महीने इस रूट पर शुरू हो रही 10 अतिरिक्त लोकल ट्रेनें, खुल रहे 2 नए स्टेशन
Mumbai local train: मुंबईकरों के लिए बड़ी खुशखबरी की खबर सामने आई है। सेट्रल रेलवे (CR) की बेलापुर-उरण रेलवे लाइन का बड़े पैमाने पर अपग्रेड किया जा रहा है। दिसंबर महीने में नवी मुंबई इंटननेशनल एयरपोर्ट पर उड़ान संचालन शुरू होने की उम्मीद है। इसको ध्यान में रखते हुए बताया जा रहा है कि नई लोकल ट्रेन सर्विस और स्टेशनों को इस महीने के अंत तक अनिवार्य स्वीकृतियों के बाद चालू कर दिया जाएगा।
इस महीने से नेरुल/बेलापुर-उरण कॉरिडोर पर 10 अतिरिक्त ट्रेनें चलेंगी। साथ ही, दो नए रेलवे स्टेशन, तरघर और गव्हान, जल्द ही जनता के लिए खोल दिए जाएंगे। मध्य रेलवे (CR) के अधिकारियों के अनुसार, इन नए स्टेशनों का काम 95-96% पूरा हो चुका है।

तरघर रेलवे स्टेशन नवी मुंबई हवाई अड्डे के करीब है, जिससे यात्रियों और हवाई अड्डे के कर्मचारियों को लाभ होगा। वहीं, गव्हान स्टेशन से उरण के निवासियों के लिए बेहतर पहुंच सुनिश्चित होगी। गव्हान रेलवे स्टेशन पर शौचालय, प्लेटफॉर्म, टिकट बूथ और पार्किंग स्थल का काम पूरा हो गया है, जबकि कुछ छोटे-मोटे काम अभी जारी हैं। तरघर और गव्हान स्टेशनों का निर्माण सिडको ने किया है।
वर्तमान में, नेरुल और उरण के बीच लोकल ट्रेनें व्यस्त समय में लगभग एक घंटे और गैर-व्यस्त समय में डेढ़ घंटे के अंतराल पर चलती हैं। बेलापुर-उरण सेवा भी इसी समय-सारणी पर संचालित होती है। सेवाओं में वृद्धि से दो ट्रेनों के बीच का अंतराल औसतन 15 मिनट कम हो जाएगा, जिससे भीड़ कम करने में भी मदद मिलेगी।
फिलहाल उरण मार्ग पर दिन भर में 40 ट्रेन सेवाएं उपलब्ध हैं, जो नई समय-सारणी लागू होने के बाद बढ़कर 50 हो जाएंगी। सीवुड-बेलापुर-उरण लाइन पर पांच अप और पांच डाउन लोकल ट्रेनें बढ़ाई जाएंगी, जिसकी योजना पूरी हो चुकी है।
शुरुआत में सीवुड-बेलापुर-उरण मार्ग पर 10 अप और 10 डाउन लोकल ट्रेनें बढ़ाने की योजना थी। हालांकि, यात्रियों की टिकट बिक्री और संख्या को ध्यान में रखते हुए, कुल 10 लोकल ट्रेनें बढ़ाने पर सहमति बनी है।












Click it and Unblock the Notifications