Mumbai local train: तकनीकी खराबी के चलते ठाणे जाने वाली ट्रेन सर्विस हुई ठप, स्टेशन पर बेहाल नजर आए यात्री
Mumbai local train: मुंबई से ठाणे की ओर जाने वाली रेलवे सेवा 18 नवंबर (मंगलवार) को बाधित हो गई है। तकनीकी खराबी के कारण ठाणे जाने वाली लाइन फिलहाल बंद कर दी गई है। इस व्यवधान से सेट्रल रेलवे की सेवाएं प्रभावित हुई हैं, जिससे सुबह काम पर जाने वाले यात्रियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार,विक्रोली और कांजुर मार्ग रेलवे स्टेशनों के बीच पटरी टूटने के कारण यह समस्या हुई, जिसे 'रेल फ्रैक्चर' कहा जाता है। जिससे डाउन स्लो लाइन पर ट्रेनों का संचालन निलंबित कर दिया गया। इस समस्या के चलते स्लो लोकल ट्रेनों को माटुंगा से फास्ट लाइन पर डायवर्ट किया जा रहा है।

यह घटना सुबह के व्यस्त समय में हुई, जब यात्री ठाणे स्टेशन से काम पर निकल रहे थे। सेवाओं में देरी के कारण रेलवे प्लेटफॉर्म पर भारी भीड़ देखी गई, जिससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा।
रेलवे प्रशासन ने स्थिति को सामान्य करने और बाधित हुई सेवाओं को फिर से शुरू करने के लिए युद्धस्तर पर प्रयास शुरू कर दिए हैं। मरम्मत कार्य जारी है, और जल्द ही यातायात बहाल होने की उम्मीद है।
सेट्रल रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) के अनुसार, डाउन लाइन पर छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) की ओर लगभग 7:32 बजे पटरी में दरार का पता चला। इस समस्या के सामने आते ही, रेलवे अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुँचे और सुबह 7:58 बजे तक पटरी की मरम्मत कर दी, जैसा कि समाचार एजेंसी IANS ने बताया है।
मरम्मत कार्य के दौरान, विक्रोली और कांजुर मार्ग के बीच धीमी लोकल ट्रेनों को माटुंगा रेलवे स्टेशन से फास्ट लाइन पर मोड़ दिया गया था। CPRO ने बताया कि अब लोकल ट्रेन सेवाएं पूरी तरह से सामान्य हो गई हैं, हालांकि 30 किमी प्रति घंटे की गति प्रतिबंध लागू रहेगा।
IANS ने सेंट्रल रेलवे CPRO के हवाले से बताया, "विक्रोली और कांजुर मार्ग के बीच डाउन स्लो लोकल लाइन पर 7:32 बजे पटरी में दरार का पता चला। 7:58 बजे तक ट्रैक को सुरक्षित कर लिया गया, और धीमी लोकल ट्रेनों को माटुंगा से फास्ट लाइन पर डायवर्ट किया गया। अब सेवाएं पूरी तरह बहाल हो गई हैं।"












Click it and Unblock the Notifications