Mumbai local train: खुशखबरी, तीन रूट पर जल्द शुरू हो रही 10 अतिरिक्त लोकल ट्रेनें, कौन-कौन से होंगे स्टेशन?
Mumbai local train: मुंबई में लगातार यात्रियों की संख्या बढ़ती जा रही है। ट्रेनों में भीड़भाड़ को कम करने के लिए केंद्र और महाराष्ट्र सरकार लगातार प्रयास कर रही है। वहीं अब मुंबई के लाखों लोकल ट्रेन यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। मोदी सरकार नए साल पर मुंबईकर्स की सुविधा के लिए बड़ा फैसला लिया है।
मोदी सरकार ने सेंट्रल रेलवे लाइन पर नेरुल, बेलापुर और उरण मार्गों पर 10 अतिरिक्त लोकल ट्रेनों को हरी झंडी दे दी है। यात्रियों की लंबे समय से लंबित मांग पर तरघर और गव्हाण स्टेशनों पर नए ठहरावों को भी स्वीकृति मिली है।

किन स्टेशनों पर रुकेंगी ये ट्रेनें?
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के पत्र के अनुसार, इन नई सेवाओं में नेरुल-उरण-नेरुल के बीच 4 फेरे और बेलापुर-उरण-बेलापुर के बीच 6 फेरे शामिल हैं। ये सभी ट्रेनें सेंट्रल रेलवे लाइन पर तरघर और गव्हाण स्टेशनों पर रुकेंगी, जिससे इस क्षेत्र के दैनिक यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
इन ट्रेनों से क्या-क्या होगा फायदा?
रेल मंत्रालय के इस निर्णय से व्यस्त समय में यात्रियों की भीड़भाड़ नियंत्रित होगी और विशेष रूप से नवी मुंबई के दैनिक यात्रियों को लाभ मिलेगा। यह लंबे समय से यात्रियों की एक महत्वपूर्ण और प्रमुख मांग थी।अतिरिक्त लोकल ट्रेन सेवाओं और नए ठहरावों के अलावा, मंत्रालय ने नेरुल-उरण और बेलापुर-उरण दोनों खंडों पर पोर्ट लाइन सेवाओं की गति बढ़ाने को भी मंजूरी दी है। यह कदम क्षेत्र की समग्र कनेक्टिविटी में सुधार लाएगा।
मुंबईकर्स को मिला बड़ा उपहार
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस पहल को "मुंबईकरों के लिए एक विशेष उपहार" बताया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया, जिनके प्रयासों से यात्रियों की बहुप्रतीक्षित मांगों को पूरा किया गया।
सीएम फडणवीस ने केंद्र सरकार को दिया धन्यवाद
मुख्यमंत्री फडणवीस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए लिखा, "मुंबईकरों के लिए एक विशेष उपहार! माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी , और माननीय केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव , अतिरिक्त लोकल ट्रेन सेवाएं शुरू करने के लिए धन्यवाद: नेरुल-उरण-नेरुल (4 ट्रिप) और बेलापुर-उरण-बेलापुर (6 ट्रिप), मेरे अनुरोध के जवाब में। तरघर और गव्हाण पर ठहरावों की मंजूरी के लिए आभारी हूं। इससे यात्रियों को काफी लाभ होगा और मुंबईकरों की दैनिक यात्रा बहुत आसान हो जाएगी।"












Click it and Unblock the Notifications