Mumbai local train: मुंबई लोकल के इस स्टेशन को मिली बड़ी सौगात, यात्रियों के लिए अवागमन होगा आसान
Mumbai local train: मुंबई के पश्चिम लोकल टेन नेटवर्क के सबसे व्यस्त स्टेशनों में से एक, नालासोपारा स्टेशन को बड़ी सौगात मिली है। नालासोपारा स्टेशन को मुंबई शहरी परिवहन परियोजना (MUTP) 3A के तहत एक नए एलिवेटेड डेक का निर्माण किया गया है। पालघर के नालासोपारा स्टेशन पर बने नए एलिवेटेड डेक के खुलने से यात्रियों को आवाजाही में बहुत आसानी होगी।
मुंबई रेलवे विकास कॉर्पोरेशन लिमिटेड (MRVC) ने हाल ही में प्लेटफॉर्म नंबर एक पर 95 मीटर लंबा और 11.5 मीटर चौड़ा एक एलिवेटेड डेक बनाया है। यह नई संरचना दो सबसे दक्षिणी फुट ओवरब्रिज (FOB) को जोड़ती है, जिससे स्टेशन पर भीड़ कम होगी और यात्रियों का आवागमन सुगम होगा। इस स्टेशन पर प्रतिदिन 1.83 लाख यात्री आते हैं और लगभग 440 उपनगरीय ट्रेनें यहाँ से गुजरती हैं।

75 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया एलिवेटेड डेक
एक अधिकारी के अनुसार, यह डेक नालासोपारा स्टेशन पर लगभग 75 करोड़ रुपये की स्टेशन सुधार योजना का हिस्सा है। भविष्य की योजनाओं में सभी प्लेटफॉर्म को जोड़ने वाला एक दूसरा एलिवेटेड डेक, पश्चिमी तरफ एक नया होम प्लेटफॉर्म, चार अतिरिक्त एस्केलेटर और तीन लिफ्ट शामिल हैं। इन सभी का उद्देश्य यात्रियों की सुविधा और पहुंच को बढ़ाना है।
सबसे व्यस्त स्टेशन पर भीड़ होगी कम
MRVC के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुनील जी उदासी ने कहा, "यह नया एलिवेटेड डेक मुंबई के उपनगरीय नेटवर्क में यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।" उन्होंने कहा कि "हम न केवल पश्चिमी लाइन के सबसे व्यस्त स्टेशनों में से एक पर भीड़ कम कर रहे हैं, बल्कि शहर के रेल यूजर्स के लिए सुरक्षित, अधिक सुलभ और यात्री-केंद्रित बुनियादी ढांचा प्रदान करने की MRVC की MUTP 3A के तहत प्रतिबद्धता को भी पूरा कर रहे हैं।"
अन्य स्टेशनों को भी किया जाएगा अपग्रेड
नालासोपारा स्टेशन का पुनर्विकास MUTP 3A के तहत किए जा रहे 17 स्टेशन में से एक है। 947 करोड़ रुपये की यह पहल मुंबई के उपनगरीय रेल प्रणाली के हाई ट्रैफिक वाले स्टेशनों को बदलने के उद्देश्य से की जा रही है। पश्चिमी लाइन पर सात स्टेशनों - खार रोड (पहले ही पूरा हो चुका), सांताक्रूज, कांदिवली, मीरा रोड, भायंदर, वसई और नालासोपारा - का अपग्रेड किया जा रहा है।
सेंट्रल और हार्बर लाइनों पर दस स्टेशन - कसारा, नेरल, डोम्बिवली, मुलुंड, भांडुप, घाटकोपर, गोवंडी, मानखुर्द, चेंबूर और गुरु तेग बहादुर नगर - भी पुनर्विकास योजना का हिस्सा हैं।
MUTP 3A के तहत व्यापक उन्नयन में चौड़े प्रवेश और निकास द्वार, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, आधुनिक टिकट प्रणाली, उन्नत सुरक्षा प्रणाली, नए FOB, एस्केलेटर और लिफ्ट शामिल हैं। इन सभी उपायों का उद्देश्य मुंबई महानगर क्षेत्र में सुरक्षित, अधिक कुशल और यात्री-अनुकूल रेलवे केंद्र बनाना है।












Click it and Unblock the Notifications