Mumbai CNG Crisis: मुंबई में CNG संकट गहराया! ऑटो-टैक्सी से लेकर 44% BEST बसें भी हुई ठप, कब ठीक होगी सप्लाई?
Mumbai CNG Crisis: चेम्बूर में गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के बाद मुंबईभर में आम यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गईं। कई CNG पंप बंद रहने के कारण ऑटो, टैक्सी, प्राइवेट कैब, स्कूल वैन और यहां तक कि BEST बसों की उपलब्धता भी बुरी तरह प्रभावित हुई।
मंगलवार, 18 नवंबर को संकट और गहराने की आशंका जताई जा रही है, क्योंकि CNG से चलने वाली करीब 44% BEST बसें भी सड़कों से गायब हो सकती हैं। इससे शहर की पब्लिक ट्रांसपोर्ट व्यवस्था पर भारी दबाव पड़ना तय है।

मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन में 5 लाख से अधिक निजी CNG वाहन मालिक भी इस संकट की मार झेल रहे हैं।
225 CNG स्टेशन चल रहे, लेकिन दबाव कम
Mahanagar Gas Limited (MGL) ने कहा है कि घरेलू उपभोक्ताओं के लिए PNG यानी कुकिंग गैस की सप्लाई पर कोई असर नहीं पड़ेगा। हालांकि, कंपनी के कुल 389 गैस स्टेशनों में से केवल 225 स्टेशन ही सोमवार को संचालित हो पाए। MGL के अनुसार, मरम्मत कार्य तेजी से चल रहा है और गैस सप्लाई मंगलवार दोपहर तक पूरी तरह बहाल होने की उम्मीद है।
CNG संकट का सबसे बड़ा असर ऑटो और टैक्सी सेवाओं पर देखने को मिला। कई इलाकों में यात्रियों को घंटों इंतजार के बाद भी ऑटो और टैक्सी नहीं मिले। वहीं Ola और Uber जैसी एग्रीगेटर कैब कंपनियों ने अपने वाहनों को पेट्रोल मोड पर जरूर शिफ्ट किया, लेकिन सर्ज प्राइसिंग के चलते किराया सामान्य से दोगुना तक पहुंच गया। शेयर ऑटो चालकों ने भी स्थिति का फायदा उठाया और कम दूरी पर 50-60 रुपये तक वसूलने लगे। यात्रियों का कहना है कि बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स रूट पर शेयर ऑटो चालक "CNG संकट" का हवाला देकर मनमाना किराया वसूल रहे थे।
BEST बस संचालन पर संकट, CNG पंपों पर लंबी कतारें
मुंबई में CNG संकट के बीच BEST बसों का संचालन गंभीर मुश्किल में पड़ गया है। सोमवार को BEST ने पिछली रात बची हुई गैस से किसी तरह बसें चलाईं, लेकिन देर रात तक रिफ्यूलिंग संभव नहीं हो पाई। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि आज, 18 नवंबर को स्थिति और खराब हो सकती है, क्योंकि CNG पर चलने वाली लगभग 44% बसें सड़कों से गायब हो सकती हैं, जिससे यात्रियों की दिक्कतें बढ़ेंगी।
शहरभर के CNG पंपों पर सुबह से ही लंबी कतारें देखी गईं। कुछ पंपों पर प्रेशर इतना कम था कि कुछ देर बाद उन्हें बंद करना पड़ा। ठाणे में भी स्थिति गंभीर रही, जहाँ MGL के चार में से सिर्फ खोपट वाला एक पंप खुला था और वहाँ घंटों लंबी लाइनें लगी रहीं। वहीं नवी मुंबई में दो दिनों से आपूर्ति लगभग ठप होने से कैब और ऑटो चालकों की कमाई पूरी तरह ठप हो गई है, और पंपों पर कई किलोमीटर लंबी कतारें देखने को मिलीं।।
कब तक ठीक होगी स्थिति?
MGL के अनुसार 18 नवंबर (मंगलवार) दोपहर तक गैस सप्लाई सामान्य होने की उम्मीद है। हालांकि इसका घरेलू पाइप गैस (PNG) पर कोई असर नहीं पड़ेगा इस घरेलू PNG की सप्लाई पूरी तरह प्राथमिकता पर जारी रहेगी। इंडस्ट्रियल और कॉमर्शियल उपभोक्ताओं को वैकल्पिक ईंधन अपनाने की सलाह दी गई है। कंपनी ने कहा कि यह घटना उनकी वार्षिक उत्पादन गाइडेंस को प्रभावित नहीं करेगी।












Click it and Unblock the Notifications