संसद में हंगामा करने वाले सांसद 2 साल के लिए हों निलंबित, ऐसा कानून लाए केंद्र सरकार- रामदास अठावले
मुंबई, जुलाई 30। अक्सर अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रहने वाले केंद्रीय मंत्री और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के नेता रामदास अठावले ने कहा है कि संसद में जो भी सांसद हंगामा कर रहे हैं, उन्हें सदन से 2 साल के लिए निलंबित कर देना चाहिए। रामदास अठावले ने ये सुझाव केंद्र सरकार को दिया है कि सरकार ऐसे नियम बनाए, जिससे सदन में हंगामा करने वाले सांसदों को 2 साल के लिए निलंबित किया जा सके। आपको बता दें कि संसद के मानसून सत्र के शुरुआत से ही केंद्र सरकार को कई मुद्दों पर विपक्ष के विरोध का सामना करना पड़ रहा है, जिसकी वजह से सदन की कार्यवाही भी नहीं चल पा रही है।

जनता के पैसों की बर्बादी कर रहा है विपक्ष- अठावले
बता दें कि गुरुवार को भी सदन में हंगामा होता रहा। हंगामे के चलते राज्यसभा और लोकसभा की कार्यवाई को कई बार रोकना पड़ा। इस पर रामदास अठावले का कहना है, सदन में इतने दिनों तक हंगामा करना ठीक नहीं है, इससे ना सिर्फ सदन की कार्यवाई सस्पेंड होती है बल्कि जनता के पैसों की भी बर्बादी होती है, इसलिए सदन में चौथे दिन सीट छोड़कर हंगामा करने वाले सासंदों को 2 साल के लिए निलंबित कर देना चाहिए।"
हंगामा करने से किसी समस्या का समाधान नहीं होगा- अठावले
रामदास अठावले ने केंद्र से इसके लिए एक कानून बनाने की मांग की है। उन्होंने कहा है, "केंद्र सरकार को दो साल के लिए हंगामा करने वाले सांसदों को निलंबित करने के प्रावधान के साथ एक नया कानून बनाना चाहिए।" उन्होंने कहा कि संसद में किसी भी मुद्दे पर चर्चा होना बहुत जरूरी है, हंगामा करने से किसी समस्या का कोई समाधान नहीं निकलेगा।
2024 में मोदी की सरकार बनने से कोई ताकत नहीं रोक सकती
रामदास अठावले ने मिशन 2024 की तैयारियों को लेकर कहा कि 2024 में सत्ता के लिए मोदी का मेला होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2024 में NDA की सरकार बनने से दुनिया की कोई ताक़त रोक नहीं सकती, चाहे ममता बनर्जी के नेतृत्व में कितने ही राजनीतिक दल एकजुट क्यों न हो जाएं।












Click it and Unblock the Notifications